महराजगंज (प्रशांत त्रिपाठी)। प्रकृति में कई बार ऐसी घटनाएं देखने को मिल जाती हैं, जो आम लोगों को हैरत में डाल देती हैं। ऐसा ही एक अचरज भरा मामला महराजगंज जिले के बृजमनगंज विकासखंड से सामने आया है। यहां एक बकरी ने ऐसे अनोखे मेमने को जन्म दिया है, जिसके माथे के बीचों-बीच केवल एक आंख है। मेमने की इस दुर्लभ शारीरिक बनावट को देखकर ग्रामीण पूरी तरह से हैरान हैं।

देखने के लिए उमड़ने लगी ग्रामीणों की भीड़
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बृजमनगंज विकासखंड के ग्राम सभा पृथ्वीपालगढ़ के मौजा बेलासपुर में सोमवार सुबह करीब नौ बजे यह अनोखी घटना हुई। गांव के निवासी राजकुमार साहनी की बकरी ने एक मेमने को जन्म दिया। जन्म के बाद जब लोगों ने देखा कि मेमने के माथे के बीच में सिर्फ एक ही आंख है और वह सामान्य मेमनों से बिल्कुल अलग दिख रहा है, तो यह खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई।
अनोखे मेमने के जन्म की खबर मिलते ही राजकुमार साहनी के घर पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटने लगी। हर कोई इस अजूबे को अपनी आंखों से देखने के लिए उत्सुक नजर आया।
पूरे इलाके में बना चर्चा का विषय
इस घटना की जानकारी मीडिया को पृथ्वीपालगढ़ के पूर्व प्रधान प्रत्याशी जाहिद अली ने दी। जाहिद अली के मुताबिक, एक आंख वाले मेमने के जन्म की खबर केवल बेलासपुर तक सीमित नहीं रही, बल्कि आसपास के कई गांवों में भी तेजी से फैल गई है। लोग दूर-दूर से इस मेमने को देखने के लिए पहुंच रहे हैं और गांव की चौपालों पर इस अनोखी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
दुर्लभ जन्मजात स्थिति की संभावना
जानकारों के अनुसार, मेमने की यह असामान्य शारीरिक बनावट किसी दुर्लभ जन्मजात स्थिति (जैविक रूप से इसे साइक्लोपिया कहा जा सकता है) की ओर संकेत करती है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर अभी तक इस मामले में किसी पशु चिकित्सक द्वारा आधिकारिक चिकित्सकीय पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल, बिना किसी मेडिकल जांच के यह घटना पूरे क्षेत्र में लोगों के बीच कौतूहल और चर्चा का मुख्य केंद्र बनी हुई है।