UP विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, मतदाताओं की संख्या बढ़ी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों का बिगुल बजने से पहले ही निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी कड़ी में राज्य निर्वाचन आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR-2027) के तहत प्रदेश की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है। इस नई सूची के आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य में कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाता दर्ज किए गए हैं। 

मतदाताओं की संख्या बढ़ी

खास बात यह है कि अप्रैल 2026 में जारी पिछली अंतिम सूची के मुकाबले इस बार 18 लाख 84 हजार 113 नए मतदाता जुड़े हैं, जिनमें महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से कहीं अधिक रही है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा साझा किए गए विवरण के अनुसार, प्रदेश के कुल मतदाताओं में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष, 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिलाएं और 4,042 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। यदि पिछली सूची से तुलना की जाए, तो पुरुष मतदाताओं में 7.87 लाख की वृद्धि हुई है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या में 10.96 लाख का बड़ा इजाफा देखने को मिला है। इसके अलावा, पहली बार वोट डालने वाले 18 से 19 आयु वर्ग के युवा मतदाताओं की संख्या 11 लाख 83 हजार 352 तक पहुंच गई है।

यदि किसी पात्र नागरिक का नाम ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं है या विवरण में कोई त्रुटि है, तो वह 17 नवंबर से 16 दिसंबर के बीच अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकता है। इसके लिए नया नाम जुड़वाने हेतु फॉर्म-6, नाम कटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम या पते में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरना अनिवार्य होगा। आम जनता की सुविधा के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश भर के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा, जहां बीएलओ (BLO) ड्राफ्ट लिस्ट और जरूरी फॉर्म के साथ मौजूद रहेंगे।

4 जनवरी 2027 को आएगी अंतिम मतदाता सूची

निर्वाचन आयोग ने इस बार 18-19 वर्ष के युवाओं और महिलाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की है। युवाओं को प्रेरित करने के लिए स्कूल-कॉलेजों के मतदाता साक्षरता क्लब, एनएसएस, एनसीसी, भारत स्काउट एंड गाइड और नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों की मदद ली जा रही है। वहीं, अधिक से अधिक महिलाओं का नाम दर्ज कराने की जिम्मेदारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, एएनएम और महिला स्वयं सहायता समूहों को सौंपी गई है। इसके साथ ही राशन कार्ड के पात्र लाभार्थियों का मिलान भी मतदाता सूची से किया जाएगा। 16 दिसंबर तक प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का निस्तारण 28 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *