महराजगंज। जिले के नौतनवां थाना क्षेत्र में दीपावली के त्योहार पर हुड़दंग करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया है। पुलिस ने पटाखा फोड़ने के विवाद और शराब पीकर शांति व्यवस्था भंग करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 लोगों को पकड़ा है। सभी आरोपियों का पुलिस ने संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है।
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, दीपावली के दौरान क्षेत्र में पटाखा फोड़ने को लेकर विवाद और शराब के नशे में हंगामा करने की सूचना पुलिस को मिली थी। त्योहार के मौके पर कानून व्यवस्था और शांति कायम रखने के उद्देश्य से नौतनवां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हुड़दंग कर रहे युवकों पर एक्शन लिया।
BNSS की धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने बताया कि शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पकड़े गए सभी 9 अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135 के तहत चालान की कार्रवाई की गई है। आवश्यक कागजी कार्यवाही पूरी करने के बाद अग्रिम विधिक कार्यवाही हेतु सभी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया।
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नौतनवां के उस्माननगर (वार्ड नंबर 09) के रहने वाले कुलदीप गौतम (19), गुरदीप गौतम (21), मुकेश कुमार (24), महेश कुमार (20), संतोष कुमार (30) और गंगू भारती (27) शामिल हैं। इसके अलावा वार्ड नंबर 04 विष्णुपुरी के दुर्गेश गौतम (19), मालवीय नगर (वार्ड नंबर 24) के शुभम मद्देशिया (28) और कोल्हुई थाना क्षेत्र के करमहवा बसन्तपुर निवासी विकास भारती (19) का भी पुलिस ने चालान किया है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि त्योहारों के दौरान किसी भी कीमत पर शांति व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
