महराजगंज: शराब के लिए घर का सामान बेचता था युवक, तंग आकर पत्नी और मां ने की हत्या

महराजगंज। जिले के पनियरा थाना क्षेत्र स्थित ब्रम्हपुर ग्राम में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि शराब की बुरी लत ही युवक की मौत का कारण बनी। शराब पीने के लिए घर के बर्तन और गहने बेचने से आजिज आकर मृतक की पत्नी और मां ने ही उसकी हत्या की थी। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए सोमवार को दोनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट और बिजली का तार भी बरामद कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से कामता बुजुर्ग का रहने वाला रामू गुप्ता कुछ साल पहले ब्रम्हपुर में जमीन खरीद कर मकान बनवाकर परिवार के साथ रह रहा था। वह चेन्नई की एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करता था, लेकिन एक दुर्घटना में हाथ बुरी तरह जलने के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। तीन महीने पहले वह घर लौट आया था। पुलिस के मुताबिक, रामू को शराब की लत थी और बेरोजगार होने के कारण वह शराब के लिए घर के बर्तन बेचने लगा था, जिससे उसकी मां शशिकला और पत्नी सरिता परेशान रहती थीं।

जेवर बेचने को लेकर हुआ विवाद और कर दी हत्या

घटना वाले दिन रामू ने शराब पीने के लिए घर में रखे अपनी पत्नी के जेवर चोरी करके बेच दिए। जब पत्नी और मां को इस बात का पता चला और उन्होंने पूछताछ की, तो रामू मारपीट पर उतारू हो गया। पुलिस के अनुसार, इस रोज-रोज की कलह से तंग आकर पत्नी और मां ने मिलकर आधी ईंट से वार किया और बिजली के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के चारा-भूसा वाले कमरे में छिपा दिया। मृतक के पीछे उसकी छह साल की बेटी और तीन साल का बेटा है।

पुलिस को गुमराह करने के लिए गढ़ी थी झूठी कहानी

शुक्रवार सुबह जब चारा-भूसा वाले कमरे में रामू का शव मिला, तो पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी। उस समय आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उन्होंने बयान दिया था कि गुरुवार रात 10 बजे रामू शराब पीकर आया था और जोर-जोर से दरवाजा पीट रहा था। डर के कारण जब उन्होंने दरवाजा नहीं खोला, तो रामू ने ईंट से दरवाजे पर वार किया और गालियां देते हुए भूसे वाले कमरे में जाकर सो गया। सुबह उठाने पर जब वह नहीं उठा, तब उसकी मौत का पता चला।

आलाकत्ल बरामद, दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस जांच में परिजनों की कहानी झूठी पाई गई। कड़ाई से पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सोमवार को ब्रम्हपुर नहर पुलिया के पास से मृतक की मां शशिकला (50) और पत्नी (24) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आधी ईंट और बिजली का तार बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में एसआई सारिका सिंह, रमेश चन्द्र चौधरी, संदीप कुमार यादव, कांस्टेबल दीपक प्रसाद और राधा सरोज शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *