महराजगंज/सोनौली (आनन्द श्रीवास्तव)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर आवाजाही बढ़ गई है। त्योहार के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर कोई अवांछित गतिविधि न हो, इसके लिए सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह हाई अलर्ट पर हैं। सोनौली सीमा सहित सीमावर्ती गांवों और सभी संवेदनशील रास्तों पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त गश्त तेज कर दी है।
पहचान पत्र के बिना सीमा पार एंट्री नहीं
त्योहार के इस माहौल में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सीमा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। भारत से नेपाल और नेपाल से भारत आने-जाने वाले सभी यात्रियों और वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही है। सुरक्षाकर्मियों द्वारा सख्त निर्देश हैं कि वैध पहचान पत्र की जांच और पूरी तसल्ली होने के बाद ही यात्रियों को सीमा पार करने की अनुमति दी जाए।
सादे कपड़ों में तैनात है पुलिस, पगडंडियों पर भी नजर
एसएसबी के जवान केवल मुख्य रास्तों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सीमा से सटे गांवों, पगडंडियों और चोर रास्तों पर भी लगातार गश्त कर रहे हैं। वहीं, भीड़ में संदिग्धों की पहचान करने और उन पर पैनी नजर रखने के लिए पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में भी तैनात किया गया है। ग्रामीण रास्तों और उन स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, जहां से मुख्य मार्ग से हटकर घुसपैठ या आवाजाही की संभावना हो सकती है।
एसएसबी और पुलिस का समन्वय
सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए एसएसबी और स्थानीय पुलिस के बीच आपसी समन्वय भी बढ़ाया गया है। दोनों सुरक्षा एजेंसियां लगातार एक-दूसरे के साथ महत्वपूर्ण सूचनाएं साझा कर रही हैं ताकि त्योहार के दौरान सीमा क्षेत्र में शांति और पूरी तरह से सुरक्षित माहौल बना रहे। प्रशासन ने आम लोगों से भी चेकिंग अभियान में सहयोग की अपील की है।

