महराजगंज: ‘सपनों का भारत’ विषय पर पोस्टर प्रदर्शनी, समीर त्रिपाठी ने छात्रों को दिया राष्ट्र निर्माण का मंत्र

नौतनवा/महराजगंज (आनन्द श्रीवास्तव)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत नौतनवा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में विशंभर नाथ जनता इंटर कॉलेज (रतनपुर) और चौथी चौधरी इंटर कॉलेज (षड़ारी) में ‘सपनों का भारत’ विषय पर एक भव्य पोस्टर प्रदर्शनी और संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और नौतनवा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी समीर त्रिपाठी ने शिरकत की और छात्रों का उत्साहवर्धन किया।

छात्रों ने उकेरा विकसित भारत का सपना

आयोजित पोस्टर प्रदर्शनी में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने विकसित भारत, शिक्षा, न्याय व्यवस्था, विज्ञान, अंतरिक्ष और देश के विकास से जुड़े अपने सपनों को कैनवास पर खूबसूरत पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया। बच्चों की रचनात्मकता और सोच को कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने सराहा।

पीएम मोदी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा: समीर त्रिपाठी

संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, उनके संघर्षों और राष्ट्र सेवा के दृढ़ संकल्प पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन हम सभी युवाओं के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत है। एक सामान्य परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचना और निःस्वार्थ भाव से देश की सेवा करना सभी के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विद्यार्थी जीवन ही राष्ट्र निर्माण की असली नींव है।

अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण की अपील

समीर त्रिपाठी ने छात्रों से आह्वान किया कि वे पूरी लगन से शिक्षा ग्रहण करें और जीवन में अनुशासन का पालन करें। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा के कार्यों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यही सच्ची राष्ट्रभक्ति है और प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस का सच्चा उत्सव भी यही होगा।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात पांडेय, कृष्ण मुरारी चौधरी, भाजपा नेता नन्हे सिंह, प्रवीण त्रिपाठी और ऋषिकेश अग्रहरि समेत भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *