महराजगंज (आनन्द श्रीवास्तव)। भारत-नेपाल सीमा से सटे जनपद के प्रमुख व्यापारिक कस्बे ठूठीबारी में सोमवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (उत्तर प्रदेश) की स्थानीय इकाई का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इस मौके पर व्यापारियों ने अपनी नई टीम चुनी, जिसमें कृषि व्यवसायी अजय कुमार जायसवाल को अध्यक्ष और आदित्य पटवा को महामंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई कार्यकारिणी ने एक स्वर में व्यापारी हितों की रक्षा और समस्याओं के त्वरित समाधान का संकल्प लिया।
इन पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
महराजगंज जिलाध्यक्ष फूलचंद अग्रवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल की मौजूदगी में हुई इस बैठक में स्थानीय व्यापारियों ने सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का मनोनयन किया।
अध्यक्ष और महामंत्री के अलावा, नई कार्यकारिणी में अमित निगम, अंकित निगम और अग्निवेश वर्मा को उपाध्यक्ष चुना गया है। आत्मा कसौधन को कोषाध्यक्ष और दीपू निगम को मंत्री पद का दायित्व सौंपा गया है। संगठन का मार्गदर्शन करने के लिए चंद्रशेखर निगम को संरक्षक बनाया गया है, जबकि मीडिया से समन्वय के लिए संदीप कुमार निगम और विप्लव मद्धेशिया को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
कार्यकारिणी सदस्य के रूप में पिंटू कसौधन, उमेश रौनियार, विपिन कसौधन, बासुकी कसौधन, विजय कसौधन, अनूप जायसवाल और सज्जन लाल निगम को सर्वसम्मति से शामिल किया गया है। नई टीम के गठन के बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया गया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई।
बॉर्डर पर व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं होगा बर्दाश्त
इस अवसर पर संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष फूलचंद अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि संगठन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्षरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि बॉर्डर क्षेत्र में व्यापारियों का किसी भी प्रकार का उत्पीड़न कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन के माध्यम से व्यापारियों की हर समस्या को संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए एकजुटता का महत्व समझाया। उन्होंने कहा, “संगठन में ही शक्ति है। व्यापार मंडल व्यापारी हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हर स्तर पर व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवाज बुलंद की जाएगी।”
कार्यक्रम के अंत में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि वे संगठन को मजबूत बनाने और व्यापारियों की हर संभव मदद करने के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। इस दौरान ठूठीबारी क्षेत्र के बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।