महराजगंज: पुलिस लाइन में मिशन शक्ति के तहत डॉक्टर, शिक्षक, पुलिसकर्मी और मेधावी छात्राएं हुईं सम्मानित

महराजगंज (प्रशांत त्रिपाठी)। उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान ‘मिशन शक्ति फेज-6.0’ के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में, रिजर्व पुलिस लाइन महराजगंज के सभागार में एक भव्य महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा, शिक्षा, सामाजिक कार्य और पुलिस सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं के साथ-साथ विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने इन सभी महिलाओं और छात्राओं को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।

चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में इनका हुआ सम्मान

चिकित्सा क्षेत्र में महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और संवेदनशील गर्भवती महिलाओं के इलाज में बेहतरीन योगदान के लिए डॉ. रोमा गुप्ता (एमडी) को सम्मानित किया गया। उनके साथ स्टाफ नर्स सुनीता श्रीवास्तव और बबीता भारती को भी मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य में सराहनीय सेवा के लिए सम्मान मिला।

शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, फरेंदा की प्रवक्ता श्रीमती ज्योति सिंह और प्रधानाचार्य श्रीमती अनामिका पाण्डेय को छात्राओं को शिक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए सम्मानित किया गया।

प्रेरणा बनीं छात्रा निधि और सौम्या

कार्यक्रम में दो छात्राओं ने विशेष रूप से सभी का ध्यान खींचा। शारीरिक दिव्यांगता (Physical Disability) के बावजूद कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्रा निधि यादव को उनके दृढ़ संकल्प और परिश्रम के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा ओलंपियाड में चयनित कक्षा चार की छात्रा सौम्या पासवान को भी उनकी प्रतिभा के लिए सम्मान मिला। इन छात्राओं की उपलब्धियों को अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।

सामाजिक कार्य और पुलिस सेवा की भूमिका

घरेलू उत्पीड़न और पारिवारिक विवादों के समाधान में अहम भूमिका निभाने वाली काउंसलर श्रीमती प्रियंका सिंह, रतना तिवारी और संजा देवी को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके काम के लिए सम्मानित किया गया।

पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक ज्योति राय, रुचि, मुख्य आरक्षी नीलू यादव, आरक्षी नीलम पाण्डेय, रंजना गौड़ और रवि कन्नौजिया को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, महिलाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने और अपहृताओं की बरामदगी में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र दिया गया।

सरकार की प्राथमिकता है महिलाओं की सुरक्षा

इस अवसर पर सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मिशन शक्ति अभियान महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी (CO) फरेंदा सुश्री दीपशिखा वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *