महराजगंज (प्रशांत त्रिपाठी): दोस्तों के बीच चल रही एक पार्टी उस वक्त मातम में बदल गई, जब लापरवाही से पिस्टल देखने के दौरान अचानक गोली चल गई। इस घटना में जिसान हाशमी नाम के एक युवक के सिर में गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और घटना की जांच कर रही है।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस द्वारा मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना 17 सितंबर को रात करीब 8:40 बजे की है। महराजगंज के ग्राम समरधीरा चौराहे पर स्थित एक अंडे की दुकान पर चार दोस्त बैठकर पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान वहां जिसान हाशमी के पास मौजूद अवैध पिस्टल और कारतूस को सभी दोस्त हाथ में लेकर देखने लगे।
#Maharajganjpolice
दिनांक 17 सितम्बर 2026 को रात्रि करीब 08:40 बजे थाना पुरन्दरपुर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि समरधीरा चौराहे पर जीशान नामक युवक को गोली लगी है, जिसे परिजनों द्वारा उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया।सूचना पर… pic.twitter.com/b4u4CCf9dS
— MAHARAJGANJ POLICE (@maharajganjpol) September 18, 2026
इसी क्रम में एक युवक ने पिस्टल में कारतूस लोड कर ट्रिगर दबाया, लेकिन फायर नहीं हुआ। इसके बाद जब दूसरे युवक ने पिस्टल अपने हाथ में लेकर ट्रिगर दबाया, तो अचानक फायर हो गया। सामने बैठे जिसान हाशमी के सिर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद घबराए परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में जिसान को इलाज के लिए गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
महराजगंज पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण में नामजद अभियुक्तों को पुलिस हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह घटना दोस्तों के बीच अवैध पिस्टल के साथ लापरवाहीपूर्वक किए गए प्रयोग के दौरान हुए आकस्मिक फायर (Accidental Fire) का परिणाम है।
पुलिस के मुताबिक, परिजनों से तहरीर प्राप्त कर उपलब्ध साक्ष्यों एवं जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।