फरेंदा/महराजगंज (आनन्द श्रीवास्तव): पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन की अनुशासन समिति के तत्वावधान में आज फरेंदा कस्बे स्थित एक मैरिज हॉल में संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए महराजगंज जिला इकाई और फरेंदा तहसील इकाई को भंग कर दिया गया और नई जिम्मेदारियों के साथ पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। बैठक में पत्रकारिता में अनुशासन, सुरक्षा और सामाजिक प्रतिष्ठा बनाए रखने के मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

पंकज मणि त्रिपाठी बने जिलाध्यक्ष
संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया के तहत, धीरेन्द्र प्रकाश द्विवेदी और अफरोज अहमद के प्रस्ताव पर पंकज मणि त्रिपाठी को महराजगंज का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही बाबू लाल गुप्ता को भी जिला स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
फरेंदा तहसील की नई कार्यकारिणी
बैठक में फरेंदा तहसील इकाई के लिए भी नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई। नई कार्यकारिणी में सुनील यादव को तहसील अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। उनके साथ मोहम्मद अली को तहसील उपाध्यक्ष, प्रदीप चौहान को सचिव, विनोद सिंह को संगठन मंत्री और प्रवीन मणि त्रिपाठी को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन के सदस्यों ने शुभकामनाएं दीं।
अनुशासन और पत्रकार सुरक्षा पर मंथन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुशासन समिति के पदाधिकारी डॉ. टी. एन. गुप्ता ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके पदाधिकारियों और सदस्यों के अनुशासन, आपसी सहयोग और जिम्मेदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
मंडल सचिव एमएम खान और फिरोज खान ने संगठन के निर्देशों का पालन करने और समय-समय पर ऐसी बैठकें आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे पत्रकारों को मार्गदर्शन मिलता है और संगठन में एकजुटता व आपसी विश्वास मजबूत होता है।
बैठक में नव-नियुक्त जिलाध्यक्ष पंकज मणि त्रिपाठी, डॉ. टी. एन. गुप्ता, अब्दुल कलाम, गुड्डू शाह, अमरजीत, मोहम्मद सगीर अहमद अंसारी, अरविन्द मौर्या, अनूप कुमार पटेल, सूरज प्रजापति, अजय तिवारी, संजय कुमार, अभिषेक अग्रहरी और अरुण राज मिश्र सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने आपसी सहयोग के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।