महराजगंज में दर्दनाक हादसा, सुइया नाले में मां समेत दो बच्चों की डूबकर मौत

महराजगंज (प्रशांत त्रिपाठी)। बोकड़ा देवी स्थान के पास सुइया नाले में डूबने से पूनम देवी (48) और उनके दो बच्चों विपिन (8) व सुहानी (6) की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक पूनम बच्चों के साथ अपने ससुराल जा रही थीं। उनका ससुराल नर्सरी बीट में जंगल के बीच स्थित है और रास्ते में पड़ने वाला सुइया नाला बारिश के मौसम में पानी से भर जाता है। आमतौर पर लोग नाव के जरिए नाला पार करते हैं।

 

 

 

नाव नहीं मिली तो पैदल नाला पार करने की कोशिश

परिजनों के मुताबिक 15 तारीख को नाले में नाव उपलब्ध नहीं थी। इसके बाद पूनम ने दोनों बच्चों के साथ पैदल नाला पार करने का फैसला किया। नाले में पानी गहरा था। इसी दौरान पैर फिसलने से तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।

परिजनों ने मंगलवार से तीनों की तलाश शुरू की थी। बुधवार को पूनम देवी और उनके दोनों बच्चों के शव सुइया नाले से बरामद हुए।

पुणे से गांव पहुंचे पति

हादसे की जानकारी मिलने के बाद पूनम के पति मोहित पुणे से गांव पहुंचे। वह वहां मजदूरी करते हैं। घर के आंगन में पत्नी और दोनों बच्चों के शव देखकर वह भावुक हो गए।

मोहित ने बताया कि वह अपने बच्चों को बेहतर जिंदगी देने के लिए कमाने के लिए बाहर गए थे। पूनम के परिवार में चार बेटियां भी हैं। भाई-बहन को खोने के बाद बेटियां उन्हें याद कर रही हैं। विपिन परिवार का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

चार बेटियों के सिर से उठा मां का साया

पूनम देवी और उनके दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। हादसे के बाद परिवार में चार बेटियां रह गई हैं। मां और छोटे भाई-बहन को खोने के बाद बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *