Home » Blog » क्राइम » सज गया था मंडप, गूंज रही थी शहनाई… बारात आने से पहले ही रातोरात दुल्हन हो गई प्रेमी संग फुर्र, कैश-गहने भी ले गई साथ

सज गया था मंडप, गूंज रही थी शहनाई… बारात आने से पहले ही रातोरात दुल्हन हो गई प्रेमी संग फुर्र, कैश-गहने भी ले गई साथ

0
दुल्हन प्रतीकात्मक तस्वीर

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में शादी की खुशियां उस समय अचानक मातम और सन्नाटे में बदल गईं, जब बारात आने से महज एक दिन पहले ही दुल्हन अपने प्रेमी के साथ रफूचक्कर हो गई. पीड़ित परिवार का आरोप है कि युवती सिर्फ खुद नहीं भागी, बल्कि घर में रखी एक लाख रुपये की भारी-भरकम नकदी और सोने-चांदी के कीमती जेवर भी अपने साथ समेट ले गई. इस घटना के बाद से वर और वधू, दोनों ही पक्षों में हड़कंप मच गया है. पीड़ित मां की शिकायत पर पुलिस ने प्रेमी समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

यह पूरी घटना बरेली जिले के क्योलाड़िया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव की है, जहां एक परिवार की खुशियों को किसी की नजर लग गई. जानकारी के अनुसार, क्योलाड़िया क्षेत्र की रहने वाली इस युवती की शादी पीलीभीत जिले के जरौला थाना क्षेत्र के एक युवक से तय हुई थी. शुक्रवार के दिन घर पर बारात आनी थी. रिश्तेदार आ चुके थे, मंडप सज चुका था और घर में उत्सव का माहौल था.

रात में सोए, सुबह कमरे से लापता

युवती की मां ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की रात सभी लोग खाना खाने के बाद आराम से सो गए थे. शुक्रवार की सुबह जब पूरा परिवार जागा और दुल्हन के कमरे में गया, तो सबके होश उड़ गए. युवती अपने कमरे से गायब थी. परिजनों ने पहले अपने स्तर पर गांव, रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला.

प्रेमी ने भाई और लड़की के सगे चाचा के साथ मिलकर रची साजिश

लापता दुल्हन की तलाश के दौरान परिवार के सामने जो सच आया, उसने सबको चौंका दिया. लड़की की मां ने पीलीभीत के आसाम चौराहा निवासी शिवम पर अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का सीधा आरोप लगाया है.

एक लाख रुपये कैश और सोने-चांदी के जेवर भी गायब

मां का आरोप है कि इस पूरी साजिश में सिर्फ प्रेमी शिवम ही शामिल नहीं था, बल्कि उसके भाई सुनील कुमार और खुद लड़की के गांव में रहने वाले उसके सगे चाचा नारायन लाल ने भी उसका पूरा साथ दिया. इन तीनों ने मिलकर पहले से एक सोची-समझी योजना बनाई थी और मौका मिलते ही गुरुवार की रात युवती को घर से निकाल कर ले गए. थाने में दी गई लिखित तहरीर में पीड़ित मां ने बताया कि बेटी अपने साथ घर में रखे शादी के एक लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर भी ले गई है.

पूछताछ करने पर मिली गालियां

जब पीड़ित परिवार को इस प्रेम-प्रसंग और साजिश की भनक लगी, तो वे आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचे. आरोप है कि वहां आरोपियों के परिजनों ने पीड़ित परिवार के साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की और उन्हें वहां से जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया. घटना के तुरंत बाद लोक-लाज के डर और मजबूरी में दूल्हा पक्ष को पूरी सच्चाई बताई गई, जिसके बाद शादी की सभी तैयारियां तुरंत रोक दी गईं. जिस घर में कुछ घंटों बाद शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब गहरा सन्नाटा और मायूसी पसरी हुई है.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, तलाश के लिए टीमें रवाना

क्योलाड़िया थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया है. पुलिस ने युवती की मां की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी प्रेमी शिवम, उसके भाई सुनील कुमार और चाचा नारायन लाल के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. स्थानीय पुलिस का कहना है कि युवती और उसके प्रेमी की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं. सर्विलांस और तकनीकी इनपुट्स के आधार पर सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही युवती को बरामद कर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed