महराजगंज: नहर में कूदी महिला की जान बचाने वाले दो बहादुर छात्रों को SP ने किया सम्मानित

महराजगंज (प्रशांत त्रिपाठी): जिले के निचलौल थाना क्षेत्र में अदम्य साहस और मानवता की एक बेहतरीन मिसाल सामने आई है। यहां नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाली एक महिला की जान दो स्कूली छात्रों ने बचा ली। इन छात्रों की इस बहादुरी और निस्वार्थ मदद को सराहते हुए, पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने दोनों को अपने कार्यालय आमंत्रित कर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

पुलिस से पहले छात्रों ने दिखाई तत्परता

मिली जानकारी के अनुसार, थाना निचलौल क्षेत्रान्तर्गत एक महिला ने अचानक नहर में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। लेकिन, पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद दो बहादुर छात्रों ने त्वरित निर्णय लिया।

सेखुई (थाना चौक) निवासी कृष्णा गुप्ता और कोहडवल (थाना निचलौल) निवासी सद्दाम हुसैन ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर के तेज बहाव में छलांग लगा दी। दोनों छात्रों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सकुशल पानी से बाहर निकाल लिया। कृष्णा और सद्दाम मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज में कक्षा 10 के छात्र हैं।

SP कार्यालय में मिला सम्मान, बने प्रेरणास्रोत

छात्रों द्वारा अपनी जान जोखिम में डालकर महिला की जान बचाने के इस उत्कृष्ट और साहसिक कार्य की पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।

इस मानवीय कार्य के लिए आज पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने दोनों छात्रों को अपने कार्यालय में आमंत्रित किया। एसपी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि इन बच्चों का यह साहसिक कदम समाज के अन्य नागरिकों के लिए भी संकट के समय निस्वार्थ मदद करने की एक बेहतरीन प्रेरणा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *