ऑपरेशन सिंदूर की पहली बरसी पर पाकिस्तान ने फिर भारत के खिलाफ जहर उगला है। पाक सेना ने पिछले संघर्ष को ‘मारका-ए-हक’ बताते हुए घातक जवाब देने की धमकी दी है।
अंतरराष्ट्रीय डेस्क: भारत द्वारा सीमा पार किए गए ऐतिहासिक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली बरसी पर पाकिस्तान की बौखलाहट एक बार फिर सामने आई है। पाकिस्तानी सेना ने भारत के खिलाफ तीखी बयानबाजी करते हुए गीदड़ भभकी दी है कि वह किसी भी “आक्रामकता” का पहले से कहीं ज्यादा ताकतवर और घातक जवाब देने के लिए तैयार है। पाक सेना ने यह बयान एक ऐसे समय में जारी किया है, जब भारत पिछले साल आतंकवाद के खिलाफ की गई अपनी इस बड़ी सैन्य कार्रवाई की यादें साझा कर रहा है।
रावलपिंडी स्थित सैन्य मुख्यालय से जारी एक लंबे बयान में पाकिस्तानी सेना ने पिछले साल के संघर्ष को ‘मारका-ए-हक’ (सत्य का युद्ध) का नाम दिया है। पाक सेना ने दावा किया कि वह भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए अपनी सैन्य क्षमताओं, आधुनिक तकनीकों और पेशेवर तैयारियों को लगातार मजबूत कर रही है। बदलते भू-राजनीतिक हालात का हवाला देते हुए पाकिस्तान ने कहा कि “दुश्मन ताकतों” की बढ़ती ताकत को देखते हुए उसकी सेना अब नए और आधुनिक युद्धक्षेत्र के लिए पूरी तरह तैयार है।
पहलगाम हमले के बाद भारत ने दिया था करारा जवाब
गौरतलब है कि पिछले साल 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक भीषण आतंकवादी हमला हुआ था, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी। इस कायराना हमले के जवाब में भारत ने 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लॉन्च किया था। भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद नौ प्रमुख आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था। इस कार्रवाई में कम से कम 100 आतंकवादियों के मारे जाने की खबर आई थी, जिसके बाद दोनों देशों के बीच युद्ध जैसी स्थिति पैदा हो गई थी।
चार दिनों तक चले उस भारी सैन्य तनाव के दौरान पाकिस्तान ने जवाबी हमले की नाकाम कोशिश भी की थी, जिसे भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने पूरी तरह विफल कर दिया था। आखिरकार, 10 मई को दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच हॉटलाइन पर हुई बातचीत के बाद संघर्ष विराम (Ceasefire) पर सहमति बनी थी। अब उसी हार की बरसी पर पाकिस्तान अपनी सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए खोखले दावे कर रहा है।
वायुसेना की तारीफ और ‘शांति’ का ढोंग
पाकिस्तानी सेना ने अपने ताजा बयान में विशेष रूप से पाकिस्तान एयरफोर्स (PAF) की पीठ थपथपाई है। सेना ने दावा किया कि पाक वायुसेना “फ्यूचर-रेडी एयर पावर” बन रही है और उसने पिछले संघर्ष के दौरान हवाई युद्ध के नए मानक स्थापित किए थे। खुद को “शांति प्रिय देश” बताते हुए पाकिस्तान ने क्षेत्रीय स्थिरता की बात तो की, लेकिन साथ ही यह चेतावनी भी जोड़ दी कि अगर उसके खिलाफ कोई “शत्रुतापूर्ण कदम” उठाया गया, तो उसका जवाब “ज्यादा सटीकता और दृढ़ संकल्प” के साथ दिया जाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान की यह बयानबाजी उसके भीतर व्याप्त डर और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी साख बचाने की एक कोशिश मात्र है। भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने सीमा पार आतंकी ढांचे को जो चोट पहुंचाई थी, उसकी कसक आज भी पाकिस्तानी सैन्य नेतृत्व के बयानों में साफ झलक रही है।

