• लाइव खबर अब तक न्यूज़

महराजगंज समाचार: खनुआ में जमीन कब्जा कराने का आरोप, पीड़ित ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार

महराजगंज के खनुआ निवासी ने 8 डिसमील जमीन पर कब्जा कराने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग की है।

• नौतनवा तहसील के कानूनगो पर मिलीभगत का आरोप, मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत

महराजगंज: जिले के नौतनवा तहसील क्षेत्र के खनुआ गांव निवासी मधुसूदन पाण्डेय ने अपनी भूमि से जुड़े एक विवाद को लेकर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने उत्तर प्रदेश शासन को भेजी शिकायत में अपनी 8 डिसमील भूमि पर कब्जा कराए जाने का आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता मधुसूदन पाण्डेय के अनुसार, उनका परिवार पीढ़ियों से ग्राम सभा खनुआ स्थित पुश्तैनी भूमि की खेती करता आ रहा है। उन्होंने कहा है कि उनकी जमीन के बगल में वीर बहादुर नामक व्यक्ति की कुछ भूमि स्थित है।

शिकायत में लगाए गए ये आरोप

मुख्यमंत्री को भेजे गए प्रार्थना पत्र में मधुसूदन पाण्डेय ने आरोप लगाया है कि 6 जून 2026 को दोपहर करीब 3 बजे तहसील नौतनवा के कानूनगो सुरेन्द्र चौरसिया ने कथित रूप से विपक्षी पक्ष से मिलीभगत कर बिना किसी विधिक प्रक्रिया और बिना सूचना दिए उनकी अनुपस्थिति में उनकी 8 डिसमील भूमि पर मेड़बंदी कराकर पिलर लगवा दिया तथा कब्जा दिला दिया।

शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि जब उन्हें घटना की जानकारी हुई और उन्होंने मोबाइल पर कानूनगो से बात की, तो उन्हें कथित तौर पर धमकी दी गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पैसे लेकर उनकी भूमि पर दूसरे पक्ष को कब्जा कराया गया।

मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग

मधुसूदन पाण्डेय ने अपने प्रार्थना पत्र में कहा है कि इस मामले में उनका किसी प्रकार का कोई मुकदमा या अन्य कार्रवाई लंबित नहीं है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि उनकी 8 डिसमील भूमि वापस दिलाई जाए और संबंधित कानूनगो के खिलाफ विभागीय एवं आवश्यक कार्रवाई की जाए। फिलहाल मामले में संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!