महराजगंज: हाईवे किनारे बगीचे में बेहोश मिला युवक, दुर्घटना या कुछ और? रहस्य बरकरार

महराजगंज (प्रशांत त्रिपाठी): जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक संदिग्ध मामला सामने आया। सोनौली-गोरखपुर हाईवे (NH-24) किनारे गुरचिया गांव के सामने स्थित एक बगीचे में एक युवक घायल और बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। युवक से कुछ दूरी पर उसकी बाइक भी गिरी हुई थी। इस रहस्यमय स्थिति ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि यह महज एक सड़क दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना, हुई शिनाख्त

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे, तब उनकी नजर बगीचे में पड़े घायल युवक पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना आसपास के लोगों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। घायल युवक की पहचान नौतनवा थाना क्षेत्र के कौनुसरी अड्डा बाजार निवासी मुबारक के रूप में हुई है।

ग्रामीणों और घटनास्थल की स्थिति के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि यह घटना सोमवार देर रात की हो सकती है।

हाईवे से बगीचे तक पहुंचने पर बना हुआ है रहस्य

इस पूरी घटना में सबसे बड़ा सवाल यह बना हुआ है कि यदि हादसा हाईवे पर हुआ और बाइक वहां से कुछ दूरी पर गिरी थी, तो घायल युवक बगीचे के अंदर तक कैसे पहुंच गया? क्या दुर्घटना के बाद युवक खुद चलकर वहां गया, या कोई और कारण है? इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।

कोल्हुई पुलिस घायल युवक से बातचीत कर घटना की वास्तविक वजह जानने का प्रयास कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह हादसा कैसे हुआ। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों और युवक के बयान के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और युवक के पूरी तरह होश में आने के बाद ही घटना की सही तस्वीर सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *