महराजगंज: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी और धमकी का आरोप, महिला ने एसपी से लगाई कार्रवाई की गुहार

महराजगंज (प्रशांत त्रिपाठी)। क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही एक महिला ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी और धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई, गिरफ्तारी और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

महिला के अनुसार, वह बृजमनगंज थाना क्षेत्र की निवासी है। उसने 26 अगस्त 2026 को क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली थी। आरोप है कि इस पोस्ट पर खुशियालजोत महुलानी निवासी एक व्यक्ति और उसके साथी ने आपत्तिजनक टिप्पणी की।

महिला का आरोप है कि जब उसने कथित टिप्पणी का विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। उसके अनुसार, काफी प्रयास के बाद 29 अगस्त 2026 को आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

मुकदमा दर्ज होने के बाद भी गतिविधियां जारी रहने का आरोप

महिला का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपितों की गतिविधियां नहीं रुकीं। उसके अनुसार, 2 सितंबर की शाम आरोपितों ने उसकी फोटो लगाकर सोशल मीडिया पर फिर से आपत्तिजनक टिप्पणी की।

महिला ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने आरोपितों को थाने पर नहीं बुलाया और वे खुलेआम घूम रहे हैं। महिला का कहना है कि इस स्थिति के कारण वह स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही है।

निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग

महिला ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने तथा उसे सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

फिलहाल, इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *