महराजगंज: ज्ञान की देवी के वाहन ‘हंस’ बढ़ाएंगे अमृत सरोवर की शोभा, सतीश त्रिपाठी ने किया समर्पित

नौतनवा (महराजगंज)। ग्राम अड्डा बाजार में धार्मिक आस्था और गांव के सौंदर्यीकरण को लेकर एक अनूठी व सकारात्मक पहल की गई है। गांव में स्थित ‘अमृत सरोवर’ की शोभा बढ़ाने के लिए ज्ञान की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती के पावन वाहन ‘हंस’ को सरोवर में स्वतंत्र विचरण के लिए छोड़ा गया है। यह पुनीत कार्य गांव के प्रबुद्धजनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से संपन्न हुआ।

सतीश त्रिपाठी ने किया समर्पित

इस पुनीत कार्य का नेतृत्व वरिष्ठ पत्रकार एवं सहकारी क्रय-विक्रय समिति (नौतनवा) के सभापति सतीश त्रिपाठी ने किया। उन्होंने अपने पैतृक गांव अड्डा बाजार पहुंचकर ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह के साथ मिलकर हंसों को अमृत सरोवर में मुक्त किया। इस अवसर पर उनके साथ गांव के यशवंत सिंह और विवेक सिंह की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

सतीश त्रिपाठी ने इस अवसर पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि मां सरस्वती के पावन वाहन को सरोवर में समर्पित करने का अवसर मिलना एक बड़ा सौभाग्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि मां शारदे की कृपा से यह हंस परिवार अब अड्डा बाजार के अमृत सरोवर की शोभा बढ़ाएगा और पूरे गांव में ज्ञान, विवेक एवं शांति का संचार करेगा।

मां शारदे से की कल्याण की प्रार्थना

इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने मां जगदम्बा और हंसवाहिनी मां सरस्वती से प्रार्थना की। सतीश त्रिपाठी ने कहा, “मैं प्रार्थना करता हूं कि मां हंसवाहिनी सभी ग्रामवासियों और क्षेत्रवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखें। सबके जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैले, सभी सन्मार्ग पर चलें और पूरे क्षेत्र का कल्याण हो।”

ग्रामीणों से सुरक्षा और स्वच्छता की अपील

हंसों को सरोवर में छोड़े जाने के साथ ही एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश भी दिया गया। सतीश त्रिपाठी और ग्राम प्रधान ने उपस्थित जनसमूह व समस्त ग्रामवासियों से विनम्र आग्रह किया कि वे इन पावन हंसों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। साथ ही, अमृत सरोवर की पवित्रता और स्वच्छता को बनाए रखने में अपना पूर्ण सहयोग दें, ताकि यह स्थान गांव के लिए एक आदर्श और दर्शनीय स्थल बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *