महराजगंज: ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत रतनपुर में लगा लाभार्थी शिविर, समीर त्रिपाठी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

महराजगंज (आनन्द श्रीवास्तव)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम के अंतर्गत महराजगंज जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नौतनवा विकासखंड के रतनपुर स्थित सभागार में एक लाभार्थी शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की गई।

स्वास्थ्य और आईसीडीएस विभाग ने लगाई प्रदर्शनी

आयोजित शिविर में आंगनबाड़ी, आईसीडीएस (ICDS) एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष स्टॉल लगाकर कैम्प प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी जानकारियां दी गईं। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित होने वाले लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी समीर त्रिपाठी उपस्थित रहे।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहीं जनकल्याणकारी योजनाएं: समीर त्रिपाठी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि समीर त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रेम के भाव को दर्शाता है। इसी कारण उनके जन्मदिवस को भाजपा कार्यकर्ता ‘सेवा पखवाड़ा’ के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की जनउपयोगी योजनाएं आज गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।

समीर त्रिपाठी ने उपस्थित लोगों को आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और पोषण अभियान सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों से यह अपेक्षा की कि क्षेत्र का कोई भी पात्र लाभार्थी इन योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति

इस लाभार्थी शिविर में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। साथ ही प्रशासनिक और स्वास्थ्य महकमे से एसीडीपीओ (ACDPO), स्वास्थ्य अधीक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, आशा बहुएं और बड़ी संख्या में लाभार्थी व ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *