• लाइव खबर अब तक न्यूज़

सपा की यही बीमारी है… एनकाउंटर पर अखिलेश ने उठाए सवाल तो केशव प्रसाद ने किया पलटवार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोला है. कौशांबी पहुंचे डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव के एनकाउंटर वाले आरोप पर कहा कि जाति नहीं, अपराध देखकर कार्रवाई होती है. सपा की यही बीमारी है, उनकी बातों पर भरोसा न करें. पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई होती है, कानून सबके लिए समान है. उन्होंने अखिलेश के उस बयान पर पलटवार किया जिसमें सपा मुखिया ने कहा था, ‘भाजपा राज में महाभ्रष्ट शासन-प्रशासन ने जनता का विश्वास खो दिया है. हत्याओं और एनकाउंटर ने प्रदेश की छवि को पूरी तरह नकारात्मक बना दिया है. भाजपा खुद अपराधी है’.

केशव प्रसाद मौर्य ने इस दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के हालिया बयान ‘सुनामी आएगी’ पर भी तंज कसा. मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी ने संसद में भूकंप आने की बात कही थी, उनकी बातों पर विश्वास न करें. देश सुरक्षित हाथों में हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर संकट से निपटने में सक्षम हैं. देश के प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार चलते हुए 12 साल पूरे हो रहे हैं.

पार्टी कार्यकर्ता के नाते ये मेरे लिए गर्व की बात

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जितने भी प्रधानमंत्री बने हैं, उनमें लगातार सबसे अधिक समय तक प्रधानमंत्री रहने का गौरव भी 10 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्राप्त होगा. भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के नाते यह मेरे लिए गर्व की बात है. लोकतांत्रिक प्रक्रिया से लोकसभा चुनाव होने के बाद तीसरी बार सरकार बनाकर लगभग 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका है.

इस दौरान उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी. केशव प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं, दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना. योगी आदित्यनाथ दिन-रात प्रदेश के विकास और जनता की सेवा में जुटे हैं.

राहुल गांधी के इस बयान पर केशव ने कसा तंज

बीते दिनों कांग्रेस सासंद राहुल गांधी ने देश में भयंकर आर्थिक सुनामी आने की चेतावनी दी थी. उन्होंने दावा किया था कि देश में आर्थिक आर्थिक सुनामी आने वाली है. इस संकट से पैदा होने वाले जन-दबाव को दबाने के लिए मोदी सरकार देश में इमरजेंसी लगा सकती है. इतना ही नहीं राहुल ने आगे दावा किया कि सरकार का नियंत्रण खत्म हो गया. संस्थाएं विद्रोह कर रही हैं. उन्होंने न्यायपालिका का भी जिक्र किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!