नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली स्थित भारत मंडपम में एनडीए की बैठक को संबोधित किया है. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि 2014 का गरीब आज का न्यू मिडिल क्लास है. हम न्यू मीडिल क्लास को निराश नहीं होने देंगे. उनका हर तरह से विकास किया जाएगा. पीएम मोदी ने कहा कि मेरे लिए जनता जनार्दन ईश्वर का स्वरूप है. इसे मैं अपना परम सौभाग्य मानता हूं.
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के विश्वासघात के बाद लोगों ने उन पर भरोसा जताया. इसी भरोसे के बाद 2014 में आशा के सूर्य का उदय हुआ. पीएम ने कहा कि आज NDA के 12 साल के कार्यकाल की एक बड़ी कामयाबी यह है कि देश कांग्रेस की चालों के जाल से आजाद हुआ है. कांग्रेस ने देश को बेबसी, गरीबी और हीन भावना की खाई में धकेल दिया था. उस समय यह बात आम थी कि भारत में विकास की गति धीमी ही रहेगी. यानी तेजी से विकास होना नामुमकिन है.
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने बड़ी चालाकी से इसे ‘हिंदू ग्रोथ रेट’ का नाम दे दिया था. यानी काम करने का तरीका कांग्रेस का, जिम्मेदारी कांग्रेस की और नाकामी की वजह भी कांग्रेस, फिर भी इसका दाग देश की विशाल हिंदू आबादी पर मढ़ दिया गया. पीएम मोदी ने कहा कि असल में, इस गलत चलन का नाम ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ होना चाहिए था. इस ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ में न तो अच्छा शासन था, न सही नीतियां, न सच्ची नीयत और न ही कोई ठोस कदम उठाने की हिम्मत.
NDA सरकार बनने पर बदली देश की किस्मत
पीएम मोदी ने कहा कि जब अटल जी की अगुवाई में जब NDA सरकार सत्ता में आई, तब हमें विकास की रफ़्तार पकड़ने की झलक मिली. लेकिन अफसोस, 2004 में देश एक बार फिर अस्थिरता और कांग्रेस की पकड़ में आ गया. विकास को बढ़ावा देने के बजाय, कांग्रेस ने देश को हजारों करोड़ रुपये के कई घोटालों में फंसा दिया. 2014 में जब NDA सरकार बनी, तब जाकर देश की किस्मत बदली. देश ने विकास की असली रफ़्तार तब देखी जब नीयत, नीति और फैसले लेने की प्रक्रिया. सब एक साथ मिलकर काम करने लगे.
NDA के हर घटक दल की एक समान उपलब्धि
पीएम मोदी ने कहा, “इस अवसर पर NDA परिवार के सदस्यों ने एक प्रस्ताव भी पेश किया है. ये आप सबकी आत्मियता और उदारता है क्योंकि मैं इस यात्रा को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं मानता हूं. ये हर दृष्टिकोण से हम सबकी सामूहिक उपलब्धि है. ये NDA के हर घटक दल की एक समान उपलब्धि है. इसलिए मैं इस प्रस्ताव को आप सभी को, भाजपा समेत हमारे NDA परिवार के सभी कार्यकर्ताओं को समर्पित करता हूं.”
वो दिन दूर नहीं जब मेड इन इंडिया एयरक्राफट बनेगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज एनर्जी, मिनरल्स, चिप, बैटरी स्टोरेज, स्पेस, ड्रोन, डेटा सेंटर्स, क्वांटम कॉम्प्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऐसे हर सेक्टर, हर तकनीक एक दूसरे से जुड़ी हुई है. ये एक दूसरे की पूरक है. भारत इनके लिए विदेशों पर निर्भर नहीं रह सकता क्योंकि ये भारत की आर्थिक और रणनीतिक, हर प्रकार की सुरक्षा से जुड़े विषय हैं और तभी भारत सेमी कंटक्टर इको सिस्टम पर इतना फोकस कर रहा है, तभी क्रिटिकल मिनरल्स को लेकर मिशन बोर्ड पर काम चल रहा है. पीएम मोदी ने कहा कि वो दिन दूर नहीं जब मेड इन इंडिया एयरक्राफट बनेगा.
हमें हर शहर और हर गांव को जोड़ना है: पीएम मोदी
NDA नेताओं की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज दुनिया के बड़े-बड़े देशों की अर्थव्यवस्था संघर्ष कर रही है तब भी 2025-26 में भारत ने 7.7 प्रतिशत की ग्रोथ रेट हासिल की है और पिछला क्वाटर तो, जो 31 मार्च को खत्म हुआ है, उसमें भी भारत की ग्रोथ 7.8 प्रतिशत रही है. ये सफलता इतनी आसान नहीं है. हम आज दुनिया की तेज गति से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन चुके हैं. पीएम मोदी ने कहा कि हमने पिछले 12 सालों में हर शहर और हर गांव को विकास से जोड़ने का काम किया है.

