• लाइव खबर अब तक न्यूज़

रूस ने पश्चिमी प्रतिबंधों का निकाला तोड़, यूएई-ओमान के रास्ते पुतिन के करीबियों तक पहुंच रहे लग्जरी जेट

इंटरनेशनल डेस्क: यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद अमेरिका और यूरोपीय देशों ने रूस और उसके प्रभावशाली लोगों पर कई कड़े प्रतिबंध लगाए थे. इन प्रतिबंधों का मकसद था रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी कारोबारियों और अधिकारियों पर दबाव बनाना. लेकिन नई रिपोर्ट से पता चला है कि पुतिन के कई करीबी अब भी पश्चिमी देशों में बने महंगे प्राइवेट जेट खरीद रहे हैं और इनसे दुनिया भर में यात्रा कर रहे हैं.

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, मॉस्को के वनुकोवो एयरपोर्ट पर एक सफेद रंग का बॉम्बार्डियर ग्लोबल 7500 जेट खड़ा है, जिसकी कीमत करीब 7.5 करोड़ डॉलर है. इस विमान का इस्तेमाल रूस की डिफेंस कंपनी रोस्टेक के प्रमुख और पुतिन के करीबी सहयोगी सर्गेई चेमेजोव करते हैं. फ्लाइट रिकॉर्ड के मुताबिक, उन्होंने अक्टूबर 2025 से इस साल जनवरी तक इस जेट से कई बार यूएई, तुर्किये और दक्षिण-पूर्व एशिया की यात्रा की.

कैसे होता है विमान बेचने का खेल?

रिपोर्ट के मुताबिक, इन विमानों को सीधे रूस नहीं भेजा जाता. पहले इन्हें पश्चिमी कंपनियों या सेकेंड हैंड बाजार से खरीदा जाता है. इसके बाद इन्हें यूएई, ओमान, कजाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका जैसे देशों में रजिस्टर किया जाता है, जहां रूस पर पश्चिमी प्रतिबंध लागू नहीं हैं. फिर ये विमान रूस से जुड़े लोगों के इस्तेमाल में आ जाते हैं.

रिपोर्ट में पूर्व अमेरिकी अफसर जॉन ई. स्मिथ के हवाले से कहा गया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में रूस पर प्रतिबंधों को लागू कराने पर पहले जितना जोर नहीं दिया गया. उनका कहना है कि अमेरिका का ध्यान फिलहाल ड्रग तस्करी और ईरान जैसे मुद्दों पर ज्यादा है. इसी वजह से रूस कुछ पश्चिमी सामान और तकनीक तक पहुंच बनाने में सफल रहा है.

किन लोगों को यात्रा करते देखा गया?

रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रतिबंधों के बावजूद कई रूसी अरबपति और प्रभावशाली लोग अभी भी बॉम्बार्डियर और गल्फस्ट्रीम जैसी पश्चिमी कंपनियों के बिजनेस जेट का इस्तेमाल कर रहे हैं. इनमें चेमेजोव के अलावा पुतिन के पुराने मित्र आर्काडी रोटेनबर्ग और कारोबारी इगोर केसायेव भी शामिल हैं. रोटेनबर्ग बचपन में पुतिन के साथ जूडो क्लब में ट्रेनिंग लेते थे. उन पर 2014 में क्रीमिया पर रूस के कब्जे के बाद से अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध लगे हुए हैं. इसके बावजूद वह दो बॉम्बार्डियर जेट का इस्तेमाल कर रहे हैं और अक्सर यूएई तथा अजरबैजान जैसे देशों की यात्रा करते हैं.

इगोर केसायेव ने 1990 के दशक में तंबाकू और शराब के कारोबार से बड़ी संपत्ति बनाई थी. बाद में उन्होंने खुदरा व्यापार और डिफेंस इंडस्ट्री में भी निवेश किया. फोर्ब्स के मुताबिक, उनकी संपत्ति करीब 4.8 अरब डॉलर है. उन पर भी अमेरिका और यूरोपीय संघ के प्रतिबंध हैं, लेकिन उन्होंने 2023 में एक बॉम्बार्डियर ग्लोबल एक्सप्रेस XRS जेट खरीदी था.

Source link

error: Content is protected !!