
India vs Afghanistan Test: भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए आखिरकार वो घड़ी आ ही गई जिसका उन्हें महीनों से इंतजार था. भारतीय टीम पूरे 193 दिनों के लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर सफेद जर्सी में लाल गेंद से धमाल मचाने के लिए मैदान पर उतरने को तैयार है. भारत और अफगानिस्तान के बीच यह इकलौता टेस्ट मैच 6 जून से चंडीगढ़ के मुल्लानपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा.
8 साल बाद फिर आमने-सामने होंगी दोनों टीमें
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह सिर्फ दूसरा मौका है जब भारत और अफगानिस्तान की टीमें इस टेस्ट फॉर्मेट में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी. इससे पहले दोनों टीमों के बीच साल 2018 में बेंगलुरु में इकलौता टेस्ट मैच खेला गया था, जहां भारतीय टीम ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए पारी और 262 रनों से शानदार जीत दर्ज की थी. अब पूरे 8 साल के लंबे इंतजार के बाद यह दोनों टीमें फिर से टेस्ट क्रिकेट में आमने-सामने होने जा रही हैं.
वहीं, भारतीय टीम ने अपना आखिरी टेस्ट मैच पिछले साल नवंबर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था. उसके बाद से टीम लगातार लिमिटेड ओवर के क्रिकेट में व्यस्त रही है. इस मुकाबले के साथ ही खिलाड़ियों और फैंस का 193 दिनों का सूखा खत्म होगा. शुभमन गिल की कप्तानी में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम इस मुकाबले में जीत के प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी. हालांकि यह मैच आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा नहीं है, लेकिन दोनों ही टीमों के लिए अपनी लाल गेंद की तैयारियों को परखने का यह एक बेहतरीन मंच साबित होगा.
घर पर जीत का इंतजार
इस मैच में टीम इंडिया की नजर जीत के साथ लंबे इंतजार को खत्म करने पर भी रहेगी. दरअसल, भारतीय टीम ने अपने घर पर आखिरी टेस्ट मैच पिछले साल अक्टूबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ जीता था. इसके बाद से ही टीम इंडिया ने अपने घर पर कोई टेस्ट मैच नहीं जीता है. इस दौरान उसे साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर पर ही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था.

