• लाइव खबर अब तक न्यूज़

पश्चिम बंगाल में एक और TMC सांसद पर हमला, गुस्साई भीड़ ने दफ्तर पर बोल दिया धावा; क्या आरोप?

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के बड़े नेताओं पर हो रहे हमलों के बीच अब एक और TMC सांसद भीड़ के निशाने पर आ गए। जानकारी के मुताबिक दक्षिण 24 परगना जिले के मथुरापुर में रविवार को भीड़ ने अचानक टीएमसी सांसद बापी हलदर के दफ्तर पर धावा बोल दिया है। इसके बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक भीड़ इतनी हिंसक हो गई कि देखते ही देखते दफ्तर की खिड़कियों के शीशे, साइनबोर्ड और फर्नीचर्स को पूरी तरह चकनाचूर कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप था कि इलाके के गरीबों और बाढ़ पीड़ितों के लिए आई सरकारी बाढ़ राहत सामग्री’ को सांसद के दफ्तर में अवैध रूप से छिपाकर स्टोर किया गया है, ताकि उसे जनता तक न पहुंचाया जा सके। भीड़ का यह भी दावा था कि टीएमसी सांसद का यह आलीशान दफ्तर एक तालाब पर अवैध रूप से कब्जा करके बनाया गया है।

दफ्तर पर हुए इस हमले के बाद बापी हलदर ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने इसके लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। टीएमसी सांसद ने कहा, “पार्टी कार्यालय में कुछ भी अवैध रूप से जमा नहीं किया गया था। जो भी राहत सामग्री वहां रखी थी, उसे हमने खुद अपने पैसों से खरीदा था ताकि बाढ़ की स्थिति में स्थानीय लोगों की मदद की जा सके।” मामला बिगड़ता देख पुलिस ने बीचबचाव किया और भीड़ को तीतर बितर कर दिया।

अभिषेक बनर्जी कल्याण बनर्जी पर भी हमला-

इससे पहले पिछले सप्ताह तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर भी जानलेवा हमला हुआ था। राज्य के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर इलाके में साथ शनिवार को अभिषेक बनर्जी पर बड़ी संख्या में लोगों ने अंडे, जूते तथा पत्थर फेंके। इस दौरान बनर्जी क्रिकेट हेलमेट पहनकर और अपने सहयोगियों की मदद से बड़ी मुश्किल से भीड़ के बीच से निकल सके। बनर्जी चुनाव बाद हिंसा के पीड़ितों से मिलने गए थे। बाद में उन्होंने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ता उनकी हत्या करने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की।

वहीं टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने रविवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में एक पुलिस थाने के बाहर भाजपा समर्थकों द्वारा हमला किये जाने के कारण उनके सिर पर चोट लगी है। उन्होंने कहा कि वह विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में एक ज्ञापन सौंपने के लिए वहां गए थे। इसके बाद टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने भाजपा पर ‘लोकतंत्र की हत्या’ करने का आरोप लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!