नई दिल्ली: एसआईआर और वोट चोरी के मुद्दे पर विपक्ष की रणनीति को लेकर बुधवार को इंडिया गठबंधन की अहम बैठक हुई। बैठक के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के तेवरों के बीच कांग्रेस संसदीय दल की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का समर्थन और दोनों नेताओं के बीच खास बॉन्डिंग दिखी। सोशल मीडिया पर सोनिया गांधी और ममता बनर्जी की यह गर्मजोशी चर्चा का विषय बनी हुई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता बनर्जी ने विपक्ष के अभियान में NGO, छात्रों, युवाओं, महिलाओं, सिविल सोसाइटी और पत्रकारों से साथ आने की अपील की। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी लड़ाई जारी रखेगा और लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करेगा।
कांग्रेस ने शेयर किया वीडियो
ममता के बयान के दौरान उनके बगल में बैठीं सोनिया गांधी मुस्कुराती हुई नजर आईं। उन्होंने समर्थन में सिर हिलाया और मेज भी थपथपाई। इसके कुछ देर बाद सोनिया गांधी ने ममता की ओर झुककर उनकी पीठ थपथपाई। इस पूरे पल का वीडियो कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया।
Sonia Ji applauding Mamata Di, then that firm pat on the back ❤️
Only a feisty, fearless woman who has stood her ground and weathered storms will lean in and cheer another fellow fighter loudly!
❤️🫶 pic.twitter.com/6P5tnoGPb4
— Supriya Shrinate (@SupriyaShrinate) September 30, 2026
कांग्रेस ने वीडियो के साथ लिखा कि ‘निडर और जुझारू नेता सिर्फ लड़ते नहीं हैं, बल्कि लड़ने वालों की हौसलाअफजाई भी करते हैं।’ कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी वीडियो साझा करते हुए सोनिया गांधी के ममता की सराहना करने और उनकी पीठ थपथपाने को लेकर पोस्ट किया।
कई बार दिखी है दोनों नेताओं की करीबी
कांग्रेस और ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस के बीच राजनीतिक रिश्ते कई मौकों पर तनावपूर्ण रहे हैं, खासकर पश्चिम बंगाल की राजनीति में। इसके बावजूद सोनिया गांधी और ममता बनर्जी के बीच व्यक्तिगत स्तर पर कई बार गर्मजोशी देखने को मिली है।
जून में हुई पिछली INDIA ब्लॉक बैठक के दौरान दोनों नेताओं के गले मिलने की तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इसके अगले दिन ममता बनर्जी ने 10 जनपथ जाकर सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। यह करीब पांच साल बाद दोनों की पहली वन-टू-वन मुलाकात बताई गई थी।
चुनावी हार के बाद TMC के सामने चुनौती
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब ममता बनर्जी की पार्टी TMC को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सत्ता गंवानी पड़ी है। इसके बाद पार्टी के भीतर बगावत और नेताओं के पाला बदलने की घटनाएं सामने आईं। TMC के बागी विधायकों और सांसदों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठी है। लोकसभा स्पीकर ने हाल में 20 बागी TMC सांसदों से अयोग्यता याचिका के संबंध में जवाब मांगा है।
SIR के खिलाफ विपक्ष का साझा अभियान
बुधवार की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी समेत कई विपक्षी दलों के नेता और प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में SIR और चुनावी प्रक्रिया को लेकर विपक्ष के आरोपों के खिलाफ संयुक्त अभियान की रणनीति पर चर्चा हुई। मल्लिकार्जुन खरगे ने 2 अक्टूबर से विरोध प्रदर्शनों की शुरुआत करने का ऐलान किया। हालांकि DMK और AAP बैठक में शामिल नहीं हुए।