राज्य में विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कोचिंग संचालन को लेकर शिक्षा विभाग को निम्न महत्वपूर्ण निर्देश दिये गये हैं।
• सभी कोचिंग संस्थानों को अपने यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों का विवरण संबंधित जिला प्रशासन को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।
• स्कूलों एवं…
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) June 9, 2026
शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करना हमारी प्रतिबद्धता है।
सम्राट चौधरी, बिहार के मुख्यमंत्री
बिहार में कोचिंग सेंटर्स के लिए जरूरी निर्देश
- सभी कोचिंग संस्थानों को अपने यहां पढ़ाई कर रहे स्टूडेंट्स की डिटेल्स संबंधित जिला प्रशासन को देना अनिवार्य होगा।
- स्कूलों और कॉलेजों में चलने के दौरान उस समय कोई भी कोचिंग क्लास नहीं चलानी चाहिए।
- जिन छात्रों ने अपनी रेगुलर पढ़ाई कर ली है, उन पर स्कूल-कॉलेज के समय वाला नियम लागू नहीं होगा। वे उस समय में कोचिंग क्लास ले सकते हैं।
कोचिंग बिल के नियम कड़े करने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को कोचिंग सेंटर्स से जुड़ी नियमावली तैयार करने का निर्देश दिया है। यानी राज्य शिक्षा विभाग कोचिंग सेंटर्स को रेगुलेट करने वाले ‘ बिहार कोचिंग संस्थान (नियंत्रण एवं विनियमन), विधेयक 2010’ के नियमों को और सख्त कर सकती है। अगर कोई कोचिंग संस्थान इन नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब कोचिंग सेंटरों की बढ़ती संख्या और फॉर्मल स्कूली शिक्षा पर उनके नकारात्मक असर को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं।
बिहार के शिक्षा मंत्री क्या कहते हैं?
हाल ही में बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी कोचिंग संस्थानों के लिए नियम सख्त करने और नियम तोड़ने वाले कोचिंग संस्थानों पर रोक लगानी की बात कही थी। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा था कि कोचिंग संस्थान अगर आपस की प्रतिस्पर्धा में एक-दूसरे के साथ तनाव की स्थिति उत्पन्न करेंगे और विधि-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की संभावना होगी तो इसे रोकने के लिए एक नीति बनाई जाएगी।
सरकार एक सुधार अभियान चला रही है, जिसके तहत यह देखा जा रहा है कि किस संस्थान को किस तरह की सुविधा या सुधार की जरूरत है। इसके आधार पर आगे की नीति तय की जाएगी।
मिथिलेश तिवारी, शिक्षा मंत्री, बिहार
बता दें कि कुछ दिन पहले पटना में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान में तोड़फोड़ और गार्ड के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। इस घटना का आरोप पास के कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु कोचिंग पर लगा है। इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद सहित तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। इस घटना के बाद राज्य सरकार ने कोचिंग व्यवस्था को और सख्त बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।

