• लाइव खबर अब तक न्यूज़

सोनौली में चिप्स बनाने वाले मकान में लगी आग, नेपाल से पहुंची दमकल, आग पर पाया गया काबू

महराजगंज: सोनौली कस्बे में भारत-नेपाल सीमा पर शनिवार को एक चिप्स बनाने वाले मकान में भीषण आग लग गई। घटना पुलिस चौकी के बगल स्थित एक मकान में हुई, जहां चिप्स बनाने का काम चल रहा था। आग की लपटें तेजी से आसपास की दुकानों और पुलिस चौकी तक फैलने लगीं, जिससे सीमा क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

 

सोनौली न्यूज़
सोनौली न्यूज़

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चिप्स बनाने के दौरान अचानक आग भड़क उठी। मकान में रखे ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।

 

सोनौली न्यूज़-2
सोनौली न्यूज़-2

 

पुलिस, एसएसबी और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, एसएसबी के जवान और स्थानीय प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक भारतीय फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई थी, लेकिन दमकल वाहन समय पर मौके तक नहीं पहुंच सका।

इस दौरान आग लगातार फैल रही थी और आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले रही थी। हालात को देखते हुए सीमा पर मौजूद भारतीय सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन ने नेपाल प्रशासन से मदद मांगी।

नेपाल से पहुंची दमकल, संयुक्त अभियान से पाया गया काबू

सूचना मिलने के बाद नेपाल प्रशासन की ओर से एक दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचा। इसके बाद भारत और नेपाल के प्रशासनिक अधिकारियों, सुरक्षा बलों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से आग बुझाने का अभियान चलाया गया।

काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोकते हुए पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। इस अग्निकांड में दो दुकानें और एक मकान क्षतिग्रस्त हो गए। प्रभावित दुकानदारों ने करीब दो से तीन लाख रुपये के नुकसान की बात कही है।

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और सोनौली बॉर्डर क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!