‘विष्णु’ पाकिस्तान-चीन के लिए सबसे बड़ा काल…भारत के अलावा बस इन 3 देशों के पास है ऐसी तकनीक

 

नई दिल्ली: यह दुनिया की घातक मिसाइलों से है। पलक झपकते ही तीन किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है। कोई भी रडार या डिफेंस सिस्टम इसे रोक नहीं पाएगा। इसे एशिया में सबसे बड़ा गेमचेंजर माना ला रहा है। यह है रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) का प्रोजेक्ट विष्णु। दरअसल, DRDO के तहत भारत के इस प्रस्तावित हाइपरसोनिक मिसाइल विकास कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए अब जल्द ही इस एडवांस्ड मिसाइल का टेस्ट किए जाने की तैयारी की जा रही है। ट्यूजडे ट्रीविया में जानते हैं प्रोजेक्ट विष्णु कितना घातक होगा, हाइपरसोनिक तकनीक क्या है, स्क्रैमजेट इंजन क्या होते हैं, यह प्रोजेक्ट एशिया में कितना गेमचेंजर होगा?

क्या है इस मिसाइल का असली नाम, जानिए

डिफेंस एनालिस्ट लेफ्टिनेंट कर्नल(रि.) जेएस सोढ़ी के अनुसार, DRDO के सीक्रेट ‘प्रोजेक्ट विष्णु’ के तहत बनाए जा रहे इस मिसाइल का नाम है-एक्सटेंडेड ट्रेजेक्टरी लॉन्ग ड्यूरेशन हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइल (ET-LDHCM)। यह पूरी तरह से भारत में ही बनी है। इसे एशिया में शक्ति का संतुलन बदलने वाली मिसाइल माना जा रहा है। यह ET-LDHCM भारत को दुश्मन के इलाके में चाहे वह पाकिस्तान हो या चीन मिनटों में हमला करने की क्षमता देगा। एक बार जब यह शुरू हो जाएगी तो यह बहुत ही सटीक तरीके से हमला कर पाएगी।

हाइपरसोनिक तकनीक क्या है? यह जानिए

हाइपरसोनिक तकनीक का मतलब है, ऐसी तकनीक जो रॉकेट और मिसाइलों को बहुत तेज गति से उड़ने में मदद करती है। इस गति को सुपरसोनिक ऑन स्टेरॉयड भी कहा जाता है। यह बहुत ही ज्यादा तेज होती है। हाइपरसोनिक गति सुपरसोनिक गति से 5-6 गुना ज्यादा होती है, यानी लगभग Mach 6 के बराबर। इतनी तेज गति से चलने वाले यान हवा में मौजूद कणों के अणुओं को भी तोड़ सकते हैं।

प्रोजेक्ट विष्णु की मिसाइल की स्पीड आश्चर्य

डिफेंस एनालिस्ट जेएस सोढ़ी बताते हैं कि प्रोजेक्ट विष्णु की स्पीड बहुत तेज है। यह Mach 8 की गति से चलती है, जो लगभग 11,000 किलोमीटर प्रति घंटा है। यह ध्वनि की गति से आठ गुना ज्यादा है। इसका मतलब है कि यह मिसाइल एक सेकंड में तीन किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है। इतनी तेज गति के कारण, इसे मौजूदा रडार और हवाई रक्षा प्रणालियों द्वारा रोकना लगभग असंभव है।

परमाणु हथियारों से लैस होकर ज्यादा घातक

सोढ़ी के अनुसार, ET-LDHCM 1,500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तक मार कर सकती है। इसमें 1,000-2,000 किलोग्राम के परमाणु या सामान्य हथियार ले जाने की क्षमता है। इससे यह दुश्मन के ठिकानों को पूरी तरह से नष्ट कर सकती है। इसीलिए इसकी चर्चा मात्र से ही दुश्मन सिहर उठता है।

खास इंजन बनाता है इसे ज्यादा खतरनाक

डिफेंस एनालिस्ट जेएस सोढ़ी के अनुसार, इस मिसाइल में एक खास इंजन लगा है, जिसे स्क्रैमजेट इंजन कहते हैं। यह इंजन हवा से ऑक्सीजन लेकर ईंधन को जलाता है। इससे यह मिसाइल लंबे समय तक बहुत तेज गति से उड़ सकती है। यही बात इसे खतरनाक बनाती है। DRDO ने इस इंजन का जमीन पर 1,000 सेकंड तक सफल परीक्षण किया है। इससे पता चलता है कि भारत जल्द ही इस नई तकनीक को असली दुनिया में इस्तेमाल करने के लिए तैयार है।

Scramjet तकनीक क्या है? यह समझना जरूरी

रॉकेट इंजन को उड़ने के लिए ऑक्सीजन की जरूरत होती है। यह ऑक्सीजन इंजन के अंदर ही मौजूद होती है। लेकिन Scramjet इंजन हवा से ऑक्सीजन लेता है। सुपरसोनिक गति पाने के लिए हवा से ऑक्सीजन लेना जरूरी है। इसलिए Scramjet तकनीक का इस्तेमाल करना जरूरी था। सोवियत संघ ने सबसे पहले इस तकनीक का आविष्कार किया था। उसके बाद USA, चीन और भारत ने भी इस तकनीक का इस्तेमाल किया। इस तकनीक का इस्तेमाल रॉकेट और मिसाइलों में किया जा सकता है।

चुपके से करती है वार, मनमुताबिक बदलती है रास्ता

यह मिसाइल चुपके से हमला करने, शक्तिशाली होने और कई तरह से इस्तेमाल करने के लिए बनाई गई है। बैलिस्टिक मिसाइलें एक तय रास्ते पर चलती हैं, लेकिन ET-LDHCM कम ऊंचाई पर उड़ती है और उड़ान के दौरान अपना रास्ता बदल सकती है। इसे ऐसे पदार्थों से बनाया गया है जो 2,000 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान को सह सकते हैं।

दुश्मन के रडार स्टेशनों, कमांड सेंटरों को बनाती है निशाना

इस पर एक खास तरह की परत चढ़ाई गई है जो इसे खारे पानी और तेज धूप जैसे खराब वातावरण में भी काम करने में मदद करती है। ET-LDHCM को जमीन, हवा या समुद्र से भी लॉन्च किया जा सकता है। इससे भारत को दुश्मनों पर हमला करने के लिए बहुत अधिक विकल्प मिल जाते हैं। यह मिसाइल दुश्मन के रडार स्टेशनों, नौसैनिक जहाजों या कमांड सेंटरों को निशाना बना सकती है। इसकी सटीकता, दूरी और बचने की क्षमता इसे दुश्मन के लिए सबसे बड़ा काल बना देती है।

अमेरिका, रूस, चीन के क्लब में भारत भी शामिल

ET-LDHCM की वजह से भारत उन देशों के खास क्लब में शामिल हो गया है जिनके पास हाइपरसोनिक मिसाइल तकनीक है। इस क्लब में अमेरिका, रूस और चीन जैसे देश शामिल हैं। लेकिन भारत की उपलब्धि इसलिए खास है क्योंकि यह मिसाइल पूरी तरह से भारत में ही बनी है। इसे हैदराबाद में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम मिसाइल कॉम्प्लेक्स में भारतीय रक्षा कंपनियों के साथ मिलकर बनाया गया है। यह एक मेक इन इंडिया प्रोजेक्ट है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE KHABAR AB TAK NEWS ADD
LIVE KHABAR AB TAK NEWS ADD-2
LIVE KHABAR AB TAK NEWS ADD
LIVE KHABAR AB TAK NEWS
error: Content is protected !!