UP Weather: यूपी में बारिश ने बदला मौसम, गिरा पारा; आज फिर आंधी-तूफान संग बूंदाबांदी के आसार

नई दिल्ली: पूर्वी आसाम, बिहार समेत पूर्वांचल में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ से रविवार को एक बार फिर मौसम बदलने का पूर्वानुमान है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दोनों हवाओं में टकराहट हुई तो गरज-चमक के साथ बारिश और ओले भी भी पड़ सकते हैं। इससे पहले शनिवार अलसुबह यूपी के क्षेत्रों में हल्की फुहारें पड़ीं, लेकिन जल्द ही धूप निकल गई। करीब दस बजे दोबारा घने बादल छा गए। हालांकि थोड़ी देर में आसमान साफ हो गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दिन का तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री ज्यादा 36.3 और रात का तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में दिन में दो और रात में चार डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।

यूपी में शनिवार को भी मौसम के बिगड़ने का अलर्ट था। देर रात कई शहरों के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। इससे गर्मी से काफी राहत मिली। बता दें कि मौसम विभाग ने तेज अंधड़, बिजली गरजने, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी थी। सुबह नम हवाएं जरूर चलीं, लेकिन बाद में आसमान साफ रहा। इस बीच अधिकतम तापमान स्थिर रहा। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 83 रहा। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग का कहना है कि आज भी कई इलाकों में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना है। वहीं, दिन में धूप भी खिलेगी लेकिन मौसम में ठंडक का एहसास रहेगा। बारिश होने के बाद पारा 1 से 2 डिग्री और गिरने की संभावना है। रात का मौसम सुहाना और ठंडा महसूस होगा। तेज रफ्तार से चलने वाली हवाएं परेशान कर सकती हैं। तापमान की बात करें तो आज अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। बारिश के बाद इसमें और गिरावट हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!