महराजगंज न्यूज़: महिला ने मुख्यमंत्री से लगाईं न्याय की गुहार — हमला, अभद्र व्यवहार, लूट और FIR में हेरफेर के गंभीर आरोप

बरगदवा/महराजगंज। जनपद महराजगंज के थाना बरगदवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शीरागढ़ टोला खरैटवा निवासी एक महिला द्वारा मुख्यमंत्री योगी को संबोधित प्रार्थना पत्र जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उसके पड़ोसी परिवार के पांच सदस्यों ने लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और हंसिया से उस पर जानलेवा हमला किया, उसके साथ अभद्र व्यवहार किया तथा मंगलसूत्र और कान की बाली जबरन छीन ली। इसके साथ ही महिला ने थानाध्यक्ष बरगदवा पर उसके प्रार्थना पत्र के अनुरूप FIR न लिखने तथा सीओ नौतनवा पर जबरन अंगूठा लगवाकर जांच से इनकार करने का भी गंभीर आरोप लगाया है।

 

नीचे दिए गये लिंक पर क्लिक करे और शिकायत पत्र देखे-

महिला द्वारा दर्ज कराई गयी शिकायत पत्र

 

पीड़ित महिला द्रोपती देवी ने अपने प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया है कि यह घटना 21 मार्च 2026 को सायं लगभग 5 बजे घटित हुई। उनके अनुसार इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है, जो तब उत्पन्न हुई जब उनके ससुर ने आईजीआरएस पोर्टल पर विपक्षीगण के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई थी, जिसकी जांच के लिए बरगदवा थाने की पुलिस उसी दिन गांव में आई थी।

हमले का विवरण — आरोप के अनुसार-

महिला के प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों के अनुसार, उसी दिन सायं पांच बजे उसके गांव के ही निवासी रमेश मिश्रा पुत्र केशव मिश्रा, उनकी पत्नी रीता मिश्रा, पुत्री सपना मिश्रा, पुत्र निर्भय मिश्रा एवं पुत्र गोरख मिश्रा — पांचों एकजुट होकर हाथों में लाठी-डंडा लेकर आए और गाली-गलौज करते हुए प्रार्थिनी को दौड़ाया। आरोप है कि जब महिला जान बचाकर अपने घर में घुसी, तो ये लोग भी घर के भीतर घुस गए और मारपीट शुरू कर दी।

प्रार्थना पत्र में आरोप है कि निर्भय मिश्रा ने कुल्हाड़ी से, गोरख मिश्रा ने हंसिया से प्रहार किया और रीता मिश्रा ने ईंट से प्रहार किया, जबकि सपना मिश्रा ने बाल खींचे। इस हमले में महिला को गंभीर चोटें आने का आरोप है। इसके अतिरिक्त आरोप यह भी है कि सभी मिलकर महिला का ब्लाउज फाड़ दिया और साड़ी खोल दी। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि रमेश, गोरख और निर्भय मिश्रा ने मिलकर महिला के साथ अभद्र हरकत की।

महिला के अनुसार उसके शोर मचाने पर गांव के लोग एकत्र हुए और बीच-बचाव किया। इसी दौरान रीता और सपना मिश्रा ने आरोपतः महिला के गले का मंगलसूत्र और कान की बाली जबरन छीन ली। आरोपीगण जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

FIR विवाद — थानाध्यक्ष पर मनमाने ढंग से प्रार्थना पत्र बदलने का आरोप-

महिला का आरोप है कि घटना के बाद उसने UP 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस एवं SHO बरगदवा मौके पर पहुंचे। थाने पर लिखित शिकायत दी गई, परंतु महिला का आरोप है कि थानाध्यक्ष बरगदवा ने अभियुक्तों से मिलीभगत कर उसके प्रार्थना पत्र को बदल दिया गया और उसके प्रार्थना पत्र के अनुरूप FIR न लिखते हुए मनमाने ढंग से अपराध संख्या 18/26, धारा 115(2), 351(3), 352 और 151(2) के अंतर्गत FIR दर्ज की, जिसमें गंभीर धाराओं को जानबूझकर शामिल नहीं किया गया।

CO नौतनवा पर भी आरोप-

23 मार्च 2026 को महिला ने पुलिस अधीक्षक महराजगंज के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। आरोप के अनुसार SP ने जांच के लिए CO नौतनवा को निर्देशित किया। 24 मार्च 2026 को महिला CO कार्यालय नौतनवा पहुंची, जहां उसका आरोप है कि CO नौतनवा ने उससे जबरन अंगूठे का निशान लगवाया और स्पष्ट कह दिया कि कोई जांच नहीं होगी तथा थाने द्वारा दर्ज FIR ही पर्याप्त है। महिला का आरोप है कि इस प्रकार SP के जांच आदेश का भी अनुपालन नहीं किया गया।

महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी परिवार वर्तमान में भी प्रतिदिन उसके दरवाजे पर कूड़ा फेंककर उसे प्रताड़ित कर रहा है और उसका जीवन दुश्वार कर दिया गया है। महिला ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि CO नौतनवा के अतिरिक्त किसी अन्य CO से मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और प्रार्थना पत्र के अनुरूप समुचित धाराएं बढ़ाई जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!