नौतनवा/महराजगंज (आनन्द श्रीवास्तव): उत्तर प्रदेश कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे ‘वोट चोरी अभियान’ के तहत बुधवार को नौतनवा में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लेते हुए बड़ी संख्या में लोगों से हस्ताक्षर करवाए।
जिला अध्यक्ष विजय सिंह ने किया नेतृत्व
कार्यक्रम की अगुवाई जिला अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने की। उन्होंने कहा कि “हम भारत के नागरिक, मतदाता सूची में हेरफेर और मताधिकार से वंचित करने की प्रथा को समाप्त करने की मांग करते हैं।”
उन्होंने कहा कि हमारा लोकतंत्र हर वोट की शक्ति पर टिका है, लेकिन आज यह नींव खतरे में है। विभिन्न विधानसभाओं में मतदाता सूचियों में लाखों प्रविष्टियाँ अधूरी हैं, जिनमें सही तस्वीरें नहीं हैं। कई नाम डुप्लीकेट हैं, जबकि लाखों मतदाताओं के नाम सूचियों से गायब पाए गए हैं।
“Vote Chori लोगों की आवाज की चोरी है” — विजय सिंह
जिला अध्यक्ष ने आगे कहा कि “समुदायों को चुन-चुन कर निशाना बनाया जा रहा है और धोखाधड़ी की प्रथाओं से असली मतदाताओं को दबाया जा रहा है। यह और कुछ नहीं बल्कि Vote Chori, यानी लोगों की आवाज की चोरी है।”
उन्होंने कहा कि हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए। इसलिए कांग्रेस पार्टी ने लोगों से इस राष्ट्रव्यापी हस्ताक्षर अभियान में शामिल होने का आह्वान किया है, ताकि पारदर्शिता, जवाबदेही और तुरन्त सुधारात्मक कदमों की मांग चुनाव आयोग से की जा सके।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें —
जिला अध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि कांग्रेस पार्टी की ओर से चुनाव आयोग से निम्न मांगें की गई हैं-
- मशीन रीडेबल मतदाता सूची (Machine Readable Voter List) को फोटो सहित सार्वजनिक जांच के लिए उपलब्ध कराया जाए।
- हर चुनाव से पहले विलोपन (Deletion) और जोड़ (Addition) की सूचियों को तस्वीरों सहित सार्वजनिक किया जाए।
- गलत तरीके से नाम हटाए जाने पर एक सुलभ शिकायत निवारण प्रणाली (Grievance Redressal System) बनाई जाए।
- अंतिम समय पर नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया को रोका जाए और स्पष्ट कट-ऑफ तिथि पहले से घोषित की जाए।
- व्यवस्थित रूप से मतदाता दमन (Voter Suppression) में शामिल अधिकारियों या एजेंटों पर कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर सदा मोहन उपाध्याय, नेहाल अहमद, भोला वर्मा, इन्द्रेश चौधरी, गंगाजल चौरसिया, दिलीप कुमार, सुरेश यादव, अनिरुद्ध यादव, उमेश सहानी, प्रमोद दुबे, राजन शुक्ल सहित तमाम लोग उपस्थित रहे.
कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही और सभी ने एकजुट होकर मतदाता सूची में सुधार एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।






