महराजगंज (लाल बहादुर जायसवाल)। तहसील नौतनवा में आयोजित जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने संयुक्त रूप से जनता की समस्याओं को सुना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिनकी समस्याओं पर अधिकारियों ने गंभीरता से विचार किया।
शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर जोर
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में आए प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाना चाहिए।
पुलिस को दिए विशेष निर्देश
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर से होना आवश्यक है, उनकी रिपोर्ट लगाकर संबंधित अधिकारी को तत्काल प्रेषित करें ताकि समय पर उचित कार्रवाई हो सके।
जनता को त्वरित राहत दिलाने की पहल
अधिकारियों ने समाधान दिवस को जनता को त्वरित राहत दिलाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि शासन की मंशा यही है कि जनता की समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाए।