देश भर में नए साल का जश्न, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा एजेंसियां रहीं सर्तक

नई दिल्ली: देश भर में लोगों ने उत्साह, प्रार्थनाओं और सार्वजनिक समारोह के साथ नव वर्ष 2026 का स्वागत किया। वहीं पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ​​कानून व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सतर्क रहीं। राष्ट्रीय राजधानी में कनॉट प्लेस और इंडिया गेट जैसे प्रमुख स्थानों पर नव वर्ष के आयोजन देखे गए । घने कोहरे के बावजूद लोगों की भीड़ उमड़ी। दिल्‍ली में 2020 के बाद से नव वर्ष की पूर्व संध्या सबसे ठंडी रही।

गोवा में, स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लोकप्रिय उत्सव स्थलों पर इकट्ठा होने के साथ ही आसमान में शानदार आतिशबाजी हुई। होटलों और समुद्र तटों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गये। मुंबई में, उत्सव मनाने वालों ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस सहित कई प्रमुख स्थानों पर 2026 का स्वागत किया।

हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में नव वर्ष मनाया गया, जबकि जम्मू – कश्मीर के सोनमर्ग में पर्यटकों ने बर्फ से ढके मनोरम दृश्यों के बीच नव वर्ष का स्वागत किया। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में लोगों ने आतिशबाजी और बॉलीवुड संगीत के साथ नए साल का स्वागत किया। तेलंगाना में, हैदराबाद में भारी भीड़ आतिशबाजी, संगीत और देर रात तक चलने वाले उत्सवों का आनंद लेती दिखी, वहीं कर्नाटक के बेंगलुरु में भी 2026 का स्वागत आतिशबाजी के साथ किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की। अमृतसर में आधी रात के 12 बजते ही श्रद्धालु श्री हरमंदिर साहिब में प्रार्थना करने के लिए उमड़ पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *