नगरपालिका अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी ने मिलकर किया वृक्षारोपण, नागरिकों को दिया प्रकृति बचाने का संदेश-
नौतनवां, महराजगंज (लाल बहादुर जायसवाल)। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नौतनवां नगर पालिका के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी और अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज ने शनिवार को नगर के दोमुहान घाट पर पौधारोपण कर स्थानीय नागरिकों को हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया।
“पेड़ हैं जीवन का आधार”: पालिका अध्यक्ष
इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष त्रिपाठी ने कहा, “पेड़ हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं। जब तक पृथ्वी पर पेड़ों का अस्तित्व है, तब तक ही मानव सभ्यता का अस्तित्व संभव है।” उन्होंने जोर देते हुए कहा कि केवल पौधारोपण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी प्रत्येक नागरिक की है।
जनभागीदारी से होगा पर्यावरण का संतुलन
अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने नगरवासियों से आह्वान किया कि वे अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण कर नगर को हराभरा बनाने में भागीदार बनें।
वार्ड सदस्यों और कर्मचारियों की रही उपस्थिति
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान सभासद अनिल जायसवाल, अभय कुमार, राकेश जायसवाल, राहुल दुबे, मदनलाल वर्मा सहित नगर पालिका के कई कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर अलग-अलग स्थानों पर पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
स्थानीय लोगों में दिखा उत्साह
नगर के दोमुहान घाट पर इस पहल को देखकर स्थानीय नागरिकों में भी उत्साह देखने को मिला। कई लोगों ने पालिका की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने की इच्छा जताई।