नौतनवा/महराजगंज (लाल बहादुर जायसवाल)। नगर के उस्मान नगर वार्ड में मंगलवार की शाम एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक आंबेडकर नगर वार्ड निवासी अशोक यादव थे, जो भैंस चराने गए थे। घटनास्थल से कुछ दूरी पर हैंडपंप के पास उनका गमछा, छाता और छड़ी बरामद होने के बाद यह आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत करंट की चपेट में आने से हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
गड्ढे में मिला शव, बच्चों की सूचना पर पहुंची पुलिस
मंगलवार की शाम लगभग 7 बजे कुछ बच्चों ने उस्मान नगर वार्ड के खेतों के पास एक गड्ढे में शव पड़ा देखा। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान आंबेडकर नगर वार्ड निवासी अशोक यादव के रूप में की। परिजनों को भी सूचना दी गई, जो थोड़ी ही देर में मौके पर पहुंच गए।
हैंडपंप में करंट से मौत की जताई जा रही आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों ने बताया कि मृतक खेत में भैंस चरा रहे थे। संभवतः प्यास लगने पर वे नजदीक के एक निर्माणाधीन घर के पास स्थित हैंडपंप से पानी पीने गए होंगे। वहीं पास में सरिया में लटकता हुआ उनका गमछा, छाता और छड़ी भी मिला। आशंका जताई जा रही है कि हैंडपंप में करंट उतरने के कारण उनकी मौत हुई। हालांकि, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि की जा सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और घटनास्थल का निरीक्षण भी किया गया है।