एक युग का अंत… एक्टर धर्मेंद्र के निधन पर भावुक हुए PM मोदी, सोशल मीडिया पर क्या लिखा?

नई दिल्ली: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र नहीं रहे। वह 89 साल के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन पर पूरा देश शोक मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर शोक जताया है और इसे भारतीय सिनेमा के लिए न सिर्फ अपूर्णीय क्षति बताया बल्कि एक युग का अंत बताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक भावुक पोस्ट में लिखा, “धर्मेंद्र जी के जाने से भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत हो गया है। वह एक प्रतिष्ठित फिल्मी हस्ती थे, एक जबरदस्त एक्टर थे जो अपने हर अभिनय में आकर्षण और गहराई लाते थे। जिस तरह से उन्होंने अलग-अलग रोल किए, उसने अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ। धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और प्यार के लिए भी उतने ही जाने जाते थे। इस दुख की घड़ी में, मेरी दुआएं उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत फैंस के साथ हैं। ओम शांति।”

 

दो पत्नी, छह बच्चे

धर्मेंद्र पिछले कुछ वक्त से बीमार थे और मुंबई के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। परिवार ने इस महीने की शुरुआत में घर पर ही उनका इलाज जारी रखने का निर्णय लिया था। वह 8 दिसंबर को 90 वर्ष के हो जाते। उनका फिल्मी करियर 65 वर्षों का रहा। एक्टर धर्मेंद्र अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़कर गए हैं। उनकी दो पत्नियां और छह बच्चे हैं।

पंजाब के साहनेवाल में जन्म

धर्मेंद्र का जन्म 8 दिसंबर 1935 को पंजाब के साहनेवाल गांव में हुआ था। 65 साल के अपने अभिनय करियर में उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। बॉलीवुड के ही-मैन नाम से मशहूर धर्मेंद्र के पास हिंदी सिनेमा में सबसे ज्यादा हिट फिल्मों का रिकॉर्ड भी है। उन्होंने 1960 में ‘दिल भी तेरा, हम भी तेरे’ से डेब्यू किया था और 1960 के दशक में ही पॉपुलर हो गए थे। धर्मेंद्र 2004 से 2009 तक राजस्थान के बीकानेर से भाजपा से लोकसभा के सांसद भी रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!