सोनौली/महराजगंज (आनन्द श्रीवास्तव): महराजगंज जनपद के सोनौली थाना क्षेत्र में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। 30 दिसंबर 2025 की रात चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान 27.52 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
यह अभियान थानाध्यक्ष सोनौली महेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में सीमावर्ती क्षेत्र में चलाया जा रहा था। इसी क्रम में उपनिरीक्षक अभिषेक जायसवाल अपनी टीम—कांस्टेबल गुलशन यादव और कांस्टेबल अवनीश यादव—के साथ एसएसबी डंडा हेड बीओपी की टीम के सहयोग से चेकिंग कर रहे थे। एसएसबी टीम में निरीक्षक/सहायक राजीव कुमार, मुख्य आरक्षी मनोज कुमार पाण्डेय, मुख्य आरक्षी विदेश रजक, आरक्षी नवीन कुमार और आरक्षी रमेश चंद यादव शामिल थे।
मुर्गी फार्म के पास संदिग्धों को रोका गया
चेकिंग के दौरान थाना क्षेत्र के ग्राम हरदीडाली स्थित एक मुर्गी फार्म के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीन व्यक्तियों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 27.52 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पूछताछ में अभियुक्तों ने अपनी पहचान रजनीश कुमार निषाद, मोहित केवट और खोबलाल केवट के रूप में बताई। तीनों अभियुक्त नेपाल राष्ट्र के रुपनदेही जनपद के निवासी हैं। पुलिस ने मौके पर ही तीनों को हिरासत में ले लिया।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
इस बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में सोनौली थाने में 31 दिसंबर 2025 को मुकदमा संख्या 127/2025, धारा 8/22/23 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए महराजगंज जनपद के माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
थानाध्यक्ष सोनौली महेंद्र मिश्रा ने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की तस्करी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह के अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

