महराजगंज न्यूज़: बसंतपुर में रोहिन नदी पुनरोद्धार कार्य शुरू, विधायक व डीएम ने किया भूमि पूजन

महाराजगंज, लक्ष्मीपुर (आनंद श्रीवास्तव)। जल संरक्षण को बढ़ावा देने और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शनिवार को बसंतपुर गांव में पुरानी रोहिन नदी के पुनरोद्धार कार्य की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी अनुराग जैन ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया।

फावड़े से खुदाई कर की शुरुआत

विधायक और जिलाधिकारी ने पारंपरिक तरीक़े से फावड़ा चलाकर नदी पुनरोद्धार अभियान की शुरुआत की। यह कार्यक्रम न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा देगा, बल्कि क्षेत्र के किसानों और स्थानीय निवासियों को भी लंबे समय में लाभ पहुंचाएगा।

“नदियां हैं जीवन की धुरी”: विधायक ऋषि त्रिपाठी

इस मौके पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि मानव सभ्यता, संस्कृति और व्यापार का केंद्र बिंदु सदियों से नदियां रही हैं। उन्होंने बताया कि आज जब जल संकट एक वैश्विक चुनौती बन चुका है, ऐसे समय में नदियों का पुनरुद्धार अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार नदियों की रक्षा और उनके अस्तित्व को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि नौतनवा क्षेत्र में बनैलिया माता रोहिन बैराज का निर्माण इसी सोच के साथ किया गया था, जो आज किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा है।

अधिकारियों की उपस्थिति और जनभागीदारी

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों की भी सक्रिय भागीदारी देखी गई। कार्यक्रम में डीसी मनरेगा गौरवेंद्र सिंह, बीडीओ मृत्युंजय यादव, विधायक प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश मिश्र, राजधानी प्रधान अमन शुक्ला और बसंतपुर की प्रधान शीला देवी भी मौजूद रहीं। साथ ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों ने इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!