महराजगंज समाचार: पुलिस ने चोरी की घटना किया खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार कर 10 लाख का चोरी का माल किया बरामद

महराजगंज (आनन्द श्रीवास्तव): महराजगंज पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का खुलासा करते हुए शातिर अपराधी उमेश साहनी को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोना, चांदी और नकदी बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने प्रेसवार्ता में बताया कि घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम करौता उर्फ नेबुईया में एक आवास से कीमती आभूषण और नकदी चोरी की घटना सामने आई थी। मामले के खुलासे के लिए घुघली पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम को लगाया गया। संयुक्त टीम ने ग्राम गोपाला स्थित नहर पुलिया के पास से अभियुक्त उमेश साहनी को गिरफ्तार किया।

आरोपी से सोना, चांदी और नकदी बरामद

गिरफ्तार अभियुक्त के पास से 22,500 रुपये नकद, 82 ग्राम सोना और 600 ग्राम चांदी बरामद की गई। बरामद किए गए माल की कुल अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।

संयुक्त पुलिस टीम की कार्रवाई

इस सफल अभियान में एसओजी प्रभारी योगेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष घुघली कुंवर गौरव सिंह, स्वाट टीम प्रभारी अखिलेश प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार, उमेश साहनी एक पेशेवर अपराधी है। उसके विरुद्ध चोरी, गृहभेदन, हत्या का प्रयास, अपहरण, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और गुंडा एक्ट सहित 18 से अधिक गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *