महराजगंज न्यूज़: सोनौली इमिग्रेशन पर फर्जी दस्तावेजों के साथ नेपाली महिला गिरफ्तार, महाराजगंज पुलिस की कार्रवाई

महराजगंज: महराजगंज पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर यात्रा का प्रयास कर रही एक नेपाली महिला को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 27 दिसंबर 2025 को सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय पर की गई, जहां जांच के दौरान महिला के दस्तावेज संदिग्ध पाए गए।

गिरफ्तार महिला की पहचान नेपाल के कावेरेपालन चौक जिले के नया गाँव देउपुर निवासी शर्मीला लामा, पुत्री कवांग दोर्जे लामा के रूप में हुई है। उसके कब्जे से सोनिया श्रेष्ठा के नाम से जारी भारतीय पासपोर्ट संख्या T6925385 तथा आधार कार्ड संख्या 8624-5791-6790 बरामद किया गया।

हांगकांग जाने के उद्देश्य से फर्जी दस्तावेजो का उपयोग

पुलिस के अनुसार नेपाल सरकार के नियमों के तहत नेपाली महिलाओं का हांगकांग में घरेलू कार्य के लिए जाना प्रतिबंधित है। इसलिए शर्मीला लामा ने हांगकांग जाने के उद्देश्य से अपने संपर्कों के माध्यम से नाम बदलकर फर्जी भारतीय दस्तावेज तैयार कराए और उनका अवैध रूप से उपयोग किया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महाराजगंज सोमेन्द्र मीणा (IPS) के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा अंकुर गौतम के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष महेन्द्र कुमार मिश्र द्वारा गठित विशेष टीम ने इमिग्रेशन टीम के सहयोग से गिरफ्तारी की।

मुकदमा दर्ज, न्यायालय भेजी गई आरोपी

पूछताछ और सत्यापन के उपरांत महिला को सोनौली थाने लाया गया, जहां उसके खिलाफ मु.अ.सं. 125/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2), 336(3), 338 एवं 340(2) में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद उसे अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सदर महाराजगंज न्यायालय भेज दिया गया।

बरामद दस्तावेजों में भारतीय पासपोर्ट संख्या T6925385, आधार कार्ड संख्या 8624-5791-6790 तथा नेपाली नागरिकता प्रमाणपत्र की स्वप्रमाणित प्रति शामिल है। इस कार्रवाई में निश्चयित अधिकारी दिलीप कुमार, महिला आरक्षी प्रेमशीला चौहान, महिला आरक्षी सरोज सिंह, आव्रजन अधिकारी कृष्णा नन्द सिंह और आव्रजन अधिकारी उमेश कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *