महराजगंज समाचार: नौतनवा पुलिस की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दो पिकअप सहित 118 बोरी ब्राजीलियन मक्का बरामद

नौतनवा/महराजगंज (आनन्द श्रीवास्तव): महराजगंज जनपद के पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के नेतृत्व में चल रहे अवैध तस्करी रोकथाम अभियान के तहत नौतनवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पीपरहवा घाट से दो पिकअप वाहनों को पकड़कर उनमें लदा अवैध मक्का बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई नौतनवा थाना क्षेत्र के पिपरहवा घात में की गई, जहां पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो पिकअप वाहनों को रोका। पकड़े गए वाहनों की पंजीकरण संख्या UP56 AT 9838 और UP56 BT 2477 बताई गई है। इन दोनों वाहनों पर कुल 118 बोरी ब्राजीलियन मक्का लदा हुआ था, जिसे अवैध रूप से सीमा पार ले जाया जा रहा था।

तीन अभियुक्त गिरफ्तार, कस्टम को सौंपा गया मामला

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद बरामद मक्का, दोनों पिकअप वाहन और गिरफ्तार अभियुक्तों को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा को सुपुर्द कर दिया गया है।

इस सम्बन्ध में  थाना प्रभारी नौतनवा पुरुषोत्तम राव ने बताया कि मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की, जिसमें दो पिकअप वाहनों से 118 बोरी मक्का बरामद की गई और तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कस्टम विभाग को सौंप दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *