महराजगंज (लाल बहादुर जायसवाल)। महराजगंज जिले में अपराध विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सात वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी कन्हैया उर्फ चार्ली को बरगदवा क्षेत्र के महावनाला बगीचा से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नेपाल-भारत सीमा क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
सीमा पार फैला था आपराधिक नेटवर्क-
पुलिस के अनुसार, कन्हैया उर्फ चार्ली नेपाल के नवलपरासी जिले का रहने वाला है और लंबे समय से भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, हत्या का प्रयास, धोखाधड़ी, चोरी और फर्जीवाड़ा जैसे गंभीर अपराधों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस की माने तो चार्ली संगठित गिरोहों के संपर्क में रहकर सीमा के दोनों ओर अपराध करता था।
एसपी सोमेन्द्र मीना के नेतृत्व में चली विशेष कार्रवाई-
इस अहम गिरफ्तारी को अंजाम देने के लिए पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देशन में एक विशेष अभियान चलाया गया। इस ऑपरेशन में अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नौतनवा जयप्रकाश त्रिपाठी की देखरेख में टीम का गठन किया गया था। बरगदवा और ठूठीबारी थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने सुरागों के आधार पर घेराबंदी करते हुए कन्हैया उर्फ चार्ली को धर दबोचा।
सात वर्षों से थी तलाश, अब पहुंचेगा कानून के शिकंजे में-
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चार्ली की गिरफ्तारी लंबे समय से एक चुनौती बनी हुई थी। उसके ऊपर घोषित ₹25,000 के इनाम से यह स्पष्ट था कि वह कितना खतरनाक और शातिर अपराधी है। बरसों से पुलिस उसकी तलाश में थी, लेकिन वह बार-बार सीमा पार कर फरार हो जाया करता था।
पुलिस की सतर्कता से बढ़ा जनविश्वास-
यह गिरफ्तारी न केवल महराजगंज पुलिस की सूझबूझ और रणनीति का परिणाम है, बल्कि इससे स्थानीय जनता में भी सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है। पुलिस अधीक्षक ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें ताकि अपराध पर समय रहते लगाम लगाई जा सके।