नई दिल्ली: बीएमसी में जीत के बाद भाजपा के नेताओं में गजब का जोश देखने को मिल रहा है। शनिवार को पश्चिम बंगाल के मालदा में दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने भी कार्यकर्ताओं से बीएमसी की जीत के बाद अब बंगाल जीत की तैयारी करने को कहा। बीएमसी की जीत में युवा पीढ़ी के योगदान का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि भारत का जेनजी भाजपा के विकास के मॉडल पर भरोसा करता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा को बीएमसी में रिकॉर्ड तोड़ जीत मिली है, वैसे ही इस बार बंगाल का मतदाता भी भाजपा को ही चुनेंगे।
मालदा में विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने वर्तमान ममता सरकार को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने बंगाली भाषा में गरजते हुए नारा दिया “एई सरकार पलानो डोरकर” (इस तृणमूल सरकार को बदलना होगा)
पश्चिम बंगाल में हालिया घटनाक्रमों को लेकर ममता सरकार पर तंज कसते हुए पीएम ने कहा कि यह क्रूर तृणमूल सरकार जनता के धन की लूट कर रही है। यह राज्य सरकार ही है, जो केंद्र की योजनाओं को बंगाल की जनता तक पहुंचने से रोक रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बंगाल का विकास अब तभी हो पाएगा, जब तृणमूल की हार होगी और भाजपा सत्ता में आएगी।
पश्चिम बंगाल की सीमा से लगे राज्यों का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि ओडिशा, त्रिपुरा, असम और बिहार में भी भाजपा सरकार है। अब बंगाल में भाजपा सरकार आनी चाहिए। बंगाल की धरती पर पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उद्घाटन करने के बाद पीएम ने कहा, ” पश्चिम बंगाल का तेज विकास भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकता है। यह खुशी की बात है कि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जहां से शुरू हो रही है, वह बंगाल है।”
पीएम ने गिनाए केंद्र सरकार के काम, ममता पर रोकने का आरोप
प्रधानमंत्री ने ममता सरकार पर केंद्र की योजनाओं का लाभ पश्चिम बंगाल की जनता तक पहुंचने से रोकने के आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “मैं बंगाल के विकास के लिये काम कर रहा हूं। मैं चाहता हूं कि सरकार की जो योजनाएं हैं, वे उसके सही हकदारों को मिलें, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा। बंगाल की तृणमूल सरकार बहुत निर्दयी है। केंद्र सरकार बंगाल के विकास के लिये जो पैसे भेजती है, उसे तृणमूल के लोग लूट लेते हैं। उन्हें जनता की तकलीफ की कोई चिंता नहीं। वे अपनी तिजोरियां भरने में जुटे हुए हैं।”
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के लोग पश्चिम बंगाल को लूट रहे हैं और बंगाल का विकास रोक रहे हैं। उन्होंने कहा, ” मैं चाहता हूं कि यहां आयुष्मान भारत योजना लागू हो, लेकिन बंगाल देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां यह योजना लागू नहीं। बीते कुछ सालों में देश के करोड़ों गरीबों ने अपना मुफ्त इलाज करवाया है। लेकिन तृणमूल वाले बंगाल में मेरे किसी भी भाई-बहन को आयुष्मान भारत का लाभ नहीं लेने देते। ऐसी निर्मम सरकार की बंगाल से विदाई जरूरी है।”
घुसपैठियों को मतदाता बना रही तृणमूल: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने ममता सरकार के ऊपर बांग्लादेश से आने वाले अवैध प्रवासियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “बंगाल के सामने घुसपैठ बहुत बड़ी चुनौती है। दुनिया के समृद्ध देश भी अपने यहां से घुसपैठियों को निकाल रहे हैं। पश्चिम बंगाल से भी घुसपैठियों को बाहर निकालना बहुत जरूरी है। लेकिन तृणमूल सरकार के रहते हुए यह संभव नहीं।”
उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, ” तृणमूल का सिंडिकेट कई सालों से यहां घुसपैठियों को बसाने और मतदाता बनाने का खेल खेल रहा है। घुसपैठिये कई लोगों का हक छीनते हैं, रोजगार छीनते हैं, बहनों-बेटियों पर अत्याचार करते हैं और आतंक जैसे अन्य अपराधों को बढ़ावा दे रहे हैं। मालदा-मुर्शिदाबाद सहित पश्चिम बंगाल के कई क्षेत्रों में दंगे भी बढ़ रहे हैं। घुसपैठियों और सत्ताधारी लोगों के इस गठजोड़ को तोड़ना ही होगा। भाजपा सरकार बनते ही घुसपैठ और घुसपैठियों पर बड़ी कार्रवाई की जायेगी।”
आपको बता दें, पश्चिम बंगाल में आगामी कुछ महीनों में विधानसभा के चुनाव होने हैं। पिछले चुनाव के बाद से ही भाजपा लगातार अपने आप को यहां मजबूत करने की कोशिश कर रही है। पीएम मोदी की आज की रैली भी आगामी चुनाव को देखते हुए भाजपा की तैयारी का ही हिस्सा है।

