लखनऊ (लाल बहादुर जायसवाल): हर पिता अपनी बेटी की शादी धूमधाम से करना चाहता है और अक्सर इस ख्वाहिश को पूरा करने के लिए माता-पिता कर्ज के बोझ तले दब जाते हैं। गरीब व वंचित वर्ग के परिवार की लड़कियों की शादी सम्मानजनक तरीके से हो और उसके लिए परिवार को परेशान भी न होना पड़े, इसीलिए यूपी सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत शादी के लिए सरकार की ओर से हर जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाते हैं।
कुछ समय पहले तक यह राशि 51,000 रुपये थी, जिसे सरकार ने बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया है। लड़की का भविष्य सुरक्षित करने के लिए इस राशि में से 60,000 रुपये उसके खाते में जमा किए जाते हैं ताकि जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल किया जा सके।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना क्या है?
भारतीय समाज में शादी एक बहुत ही अहम आयोजन है, लेकिन रीति-रिवाजों और खर्चीली परंपराओं की वजह समाज के गरीब वर्ग के लिए यह एक बहुत ही चुनौतीपूर्ण आयोजन बन जाता है। बेटी की शादी के लिए मां-बाप अक्सर कर्ज के बोझ तले दब जाते हैं। इन्हीं सब समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने 2017 में ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना’ की शुरुआत की। इस योजना का मुख्य उद्देश्य वंचित समाज को शादी के खर्च से बचाना और सामूहिक विवाह की परंपरा को बढ़ावा देना है।
#UPCM @myogiadityanath ने आज लखनऊ स्थित अपने आवास पर एक बैठक में समाज कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना’ का लाभ पाने के लिए निर्धारित ₹2 लाख वार्षिक आय की सीमा को बढ़ाकर ₹3 लाख करने की आवश्यकता व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा… pic.twitter.com/Las8JjofVG
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) April 24, 2025
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के उद्देश्य
-
गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में मदद करना
-
सामूहिक विवाह को प्रोत्साहित करना
-
दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों पर अंकुश लगाना
-
शादियों में फिजूलखर्च को कम कर उसे सम्मानजनक व सरल बनाना
सामूहिक विवाह योजना का पैसा किन्हें मिलता है?
समाज कल्याण विभाग द्वारा चलाई गई इस योजना के तहत गरीब व जरूरतमंद परिवारों को शादी के वक्त आर्थिक मदद की जाती है। BPL कार्डधारक, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग की लड़कियां इस योजना का फायदा उठा सकती हैं।
सामूहिक विवाह योजना के लिए कितना पैसा मिलता है?
मदद | राशि (रुपये) |
शादी के बाद लड़की के खाते में ट्रांसफर | 60,000 |
नवविवाहित जोड़े के लिए सामान, जैसे कपड़े, बर्तन, अन्य सामान | 25,000 |
शादी समारोह के आयोजन में खर्च | 15,000 |
कुल आर्थिक मदद यूपी सरकार की ओर से | 1,00,000 |
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए पात्रता
-
लड़की उत्तर प्रदेश की निवासी होनी चाहिए
-
शादी के वक्त लड़की की उम्र 18 साल या उससे ज्यादा होनी चाहिए
-
लड़के की उम्र 21 साल या उससे ज्यादा होनी चाहिए
-
सामूहिक विवाह के लिए कम से कम 10 जोड़ों का होना जरूरी है
-
यह योजना सभी वर्ग के पात्र परिवारों के लिए है
-
लड़की के परिवार की वार्षिक आय 3 लाख से ज्यादा नहीं होनी चाहिए
-
लड़के और लड़की ने पहले शादी नहीं की हो
-
लड़के-लड़की को सामूहिक विवाह समारोह में ही शादी करनी होगी
सामूहिक विवाह योजना में क्या-क्या सामान मिलता है?
सामान | मात्रा |
साड़ी | 2 (5.5 मीटर प्रत्येक) |
ब्लाउज | 2 |
पेटीकोट | 2 |
चुन्नी | 1 (2.25 मीटर) |
पैंट का कपड़ा | 1.20 मीटर प्रत्येक |
शर्ट का कपड़ा | 2.25 मीटर |
पगड़ी, फेंटा/बड़ा गमछा | 2 मीटर |
चांदी की बिछिया | 01 जोड़ी (10 ग्राम- 70 टंच) |
स्टील डिनर सेट | कम से कम 8 किलो |
प्रेशर कुकर | 1 (ISI Mark, 5 लीटर) |
ट्रॉली बैग | 1 (ब्रांडेड) |
मेकअप किट | 1 |
दीवार घड़ी | 1 |
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए आवेदन कैसे करें?
STEP-1
-
ऑनलाइन आवेदन के लिए आपको ऑफिशियल पोर्टल पर जाना होगा
-
पोर्टल में ‘आवेदन करें’ के टैब में ‘आवेदन करने के लिए यहां क्लिक करें‘ दिखेगा
-
इस टैब पर क्लिक करते ही एक नई विंडो खुल जाएगी
STEP-2
-
वर और वधू दोनों का आधार नंबर enter करें
-
अब दोनों के नाम, आधार के अनुसार जन्म तिथि लिखें
-
वर और वधू दोनों के मोबाइल नंबर दर्ज करें और Verify करें
STEP-3
- अब आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को भरें
- शादी की तारीख वगैरह, जितनी जानकारियां मांगी जाएं वो सब भरें
- अब सभी जरूरी दस्तावेजों को अपलोड करें और फॉर्म सबमिट कर दें
STEP-4
- आवेदन के सफलतापूर्वक हो जाने के बाद मोबाइल नंबर SMS आएंगे
- आपके आवेदन की ताजा स्थिति आपको SMS से ही पता लग जाएगी
- सामूहिक विवाह की तारीख और जगह की भी जानकारी आपको मिल जाएगी
- शादी के बाद आप अपना शादी का प्रमाण पत्र डाउनलोड कर सकते हैं
सामूहिक विवाह के फॉर्म में बदलाव कैसे करें?
- आवेदन फॉर्म में बदलाव के लिए पोर्टल के ‘आवेदन करें’ टैब में जाएं
- यहां ‘आवेदन पत्र संशोधित करने के लिए यहां क्लिक करें’ दिखेगा
- इस पर क्लिक करते ही नई विंडो खुल जाएगी
- अपना फॉर्म नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करें और सबमिट कर दें
- आवेदन की स्थिति वही जान सकते हैं, जिनके पास आवेदन पत्र को लेकर SMS आया है
शादी का प्रमाण पत्र कैसे डाउनलोड करें?
- शादी का प्रमाण पत्र डाउनलोड करने के लिए ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं
- होम पेज पर आपको ‘प्रिंंट विवाह प्रमाण पत्र’ का ऑप्शन दिखेगा, क्लिक करें
- अब फॉर्म नंबर, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर डालकर सबमिट करें
- शादी का प्रमाण पत्र खुल जाएगा, उसे डाउनलोड कर लें
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए जरूरी दस्तावेज
- वर और वधू दोनों के आधार कार्ड
- दोनों की पासपोर्ट साइज फोटो
- आय प्रमाण पत्र (6 महीने से पुराना न हो)
- जाति प्रमाण पत्र (अगर जरूरी है तो)
- जन्म प्रमाण पत्र या
- 10वीं की मार्कशीट, उम्र की वैरिफिकेशन के लिए
- शादी का कार्ड
- लड़की के बैंक खाते की जानकारी
- अगर महिला विधवा है तो पति का मृत्यु प्रमाण पत्र
- अगर तलाकशुदा हैं तो तलाक के कागज
सामूहिक विवाह योजना का आयोजन कैसे होता है?
- सामूहिक विवाह के लिए कम से कम 10 जोड़ों का होना चाहिए
- शादी के समारोहा की निगरानी जिला अधिकारी करते हैं
- जिला प्रशासन की ओर से ही टेंट, भोजन और स्टेज वगैरह ही इंतजाम किए जाते हैं
- इस कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी भाग लेते हैं