लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने पंचायत चुनाव, SIR, आरक्षण और आगामी योजनाओं खुलकर बात की है। उन्होंने साफ कहा है कि यूपी पंचायत चुनाव समय पर होंगे। इसके लिए 15 अप्रैल को फाइनल वोटर लिस्ट का प्रकाशन किया जाएगा। योगी सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने कई मुद्दों पर बातचीत की। बातचीत के दौरान ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि आगामी पंचायत चुनावों और उसमें हो रही देरी के कारणों पर भी बात की। पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भाजपा के साथ गठबंधन बरकरार रहने की भी बात कही।
क्यों हो रही है देरी?
यूपी पंचायत चुनाव को लेकर हो रही देरी के बीच पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अब यह साफ कर दिया है कि पंचायत चुनाव समय पर ही होंगे। इसकी तैयारी पंचायती राज विभाग और निर्वाचन आयोग की ओर से पूरी कर कर ली गई है। मतपत्र भी छप करके सभी जिले मुख्यालयों पर पहुंचा दिए गए हैं। जिस दिन अधिसूचना जारी हो जाएगी, चुनाव करा दिया जाएगा। चुनाव में हो रही देरी के सवाल पर ओपी राजभर ने कहा कि बोर्ड परीक्षा, जनगणना और SIR को लेकर थोड़ा समय लग रहा है। 15 अप्रैल को मतदाता सूची का प्रकाशन भी राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से कर दिया जाएगा।
एसआईआर पर विपक्ष को घेरा
SIR को लेकर बातचीत करते हुए ओपी राजभर ने कहा कि चुनाव आयोग पूरी पारदर्शिता के साथ अपना काम कर रहा है। SIR के जरिए चुनाव आयोग ने केवल मृत मतदाताओं के नाम हटाए हैं। इसी को लेकर विपक्ष हल्ला मचा रहा है। जो शिफ्टेड वोट गांव से शहर और शहर से गांव में हैं, उनको एक जगह करने का काम किया गया है। ऐसी स्थिति में चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोप पूरी तरह से गलत हैं। विपक्ष को घेरते हुए ओपी राजभर ने कहा कि एक तरफ विपक्ष के नेता बूथों पर अपने कार्यकर्ताओं को लगाकर वोट बढ़ाते और घटाते हैं। दूसरी तरफ सदन में हंगामा करते हैं।
डायरेक्ट इलेक्शन पर किया स्पष्ट
ओम प्रकाश राजभर की जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव को सीधे जनता से कराए जाने की मांग पर अपना मत स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि हमारी इस मांग को हमने दो बार केंद्र सरकार के सामने रख दिया है। साथ ही, मुख्यमंत्री के स्तर पर प्रस्ताव तैयार कराकर भी हमने केंद्र सरकार को भेज दिया है। हमें पूरी उम्मीद भी है कि सरकार हमारी इस मांग को जरूर पूरा करेगी। इसके लागू होने से धनबल और बाहुबल खत्म होगा। जनता को जीत हासिल होगी।
आर्थिक आधार पर आरक्षण
ओपी राजभर ने विशेष बातचीत में आर्थिक आधार पर आरक्षण की बात का समर्थन किया। बातचीत में ओपी राजभर ने कहा कि जब आरक्षण आर्थिक आधार पर होगा तो हर तबके के गरीब लोगों को इसका सीधा फायदा मिलेगा। इससे सर्व समाज को इसका उचित लाभ मिल सकेगा। वर्तमान समय में आरक्षण की स्थिति है, इससे समाज के गरीब और वंचित वर्ग को लाभ नहीं मिल पा रहा है। हालांकि, जो आरक्षण के लाभ से मजबूत हो गया, वह और भी मजबूत होता जा रहा है। इसलिए जब आरक्षण आर्थिक आधार पर होगा तो इसका लाभ हर वर्ग को मिल सकेगा। यह सभी के लिए न्यायोचित होगा।
जारी रहेगा गठबंधन
ओम प्रकाश राजभर ने आगामी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन के जारी रहने की बात कही। उन्होंने साफ कहा कि हमारा फिलहाल किसी अन्य राजनीतिक दल के साथ गठबंधन को लेकर कोई विचार नहीं है। हाल ही के दिनों सपा के अभेद्य दुर्ग आजमगढ़ में भारी भीड़ जुटाकर राजभर ने यह संकेत दे दिया कि इस बार सपा को भी वे बड़ी चुनौती देने वाले हैं।

