अयोध्या राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर अमित शाह और योगी ने दी शुभकामनाएं

लखनऊ: अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ बुधवार को मनाई जा रही है। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं संदेश प्रेषित किए।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि इसी शुभ तिथि पर दो वर्ष पूर्व 500 वर्षों की प्रतीक्षा समाप्त हुई थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई थी। उन्होंने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए सभी नागरिकों को दूसरी वर्षगांठ की बधाई दी।

अमित शाह ने आंदोलन के बलिदानियों को किया नमन

अमित शाह ने कहा कि श्री राम मंदिर प्रभु श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों की पुनर्स्थापना का प्रतीक है। यह मंदिर धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष, सांस्कृतिक स्वाभिमान के लिए त्याग और विरासतों के संरक्षण के लिए बलिदान की प्रेरणा बना रहेगा। उन्होंने श्री राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े सभी बलिदानियों को नमन किया।

मुख्यमंत्री योगी ने अयोध्या को बताया भारत की चेतना का प्रतीक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि अयोध्या नगरी भारत की चेतना के उत्कर्ष की साक्षी बन रही है और श्री रामलला के नूतन विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ का यह दिन अत्यंत पावन है। उन्होंने कहा कि श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला का विराजमान होना सदियों के संघर्ष की समाप्ति और वेदना के विराम का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह क्षण तीन पीढ़ियों की साधना और संघर्ष, पूज्य साधु-संतों के आशीर्वाद तथा 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास की परिणति है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर प्रत्येक रामभक्त के हृदय में संतोष और श्रद्धा का भाव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *