कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आ चुके हैं. काउंटिंग के दौरान सियासी हलचल अपने चरम पर रही. यहां भवानीपुर सीट पर सभी की नजरें थीं, जहां से टीएमसी की ममता बनर्जी चुनाव लड़ रही थीं. उनके सामने भाजपा ने शुभेंदु अधिकारी को उतारा. दो चरणों में हुए मतदान के बाद अब जनता का फैसला ईवीएम से बाहर आ चुका है. ममता बनर्जी इस सीट से चुनाव हार गई हैं. यहां शुभेंदु अधिकारी करीब 15 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीते हैं.
2021 में भी सुवेंदु ने ममता को हराया
2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भी सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम से ममता बनर्जी को हराया था। वह लगभग 2,000 वोटों के अंतर से निर्वाचित हुए थे। बाद में ममता बनर्जी भवानीपुर से उपचुनाव जीतकर लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री बनीं।
चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, भवानीपुर सीट पर सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15,114 वोटों से हराया है। सुवेंदु नंदीग्राम सीट से भी चुनाव मैदान में थे, यहां से भी बीजेपी नेता ने जीत हासिल की है।
16वें राउंड की काउंटिंग के बाद हुआ ‘खेला’
भवानीपुर सीट पर काउंटिंग के दौरान दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। 13वें राउंड की गिनती तक ममता बनर्जी इस सीट से आगे चल रही थीं, लेकिन जैसे-जैसे अगले राउंड की गिनती होने लगी, ममता और सुवेंदु के बीच वोटों का अंतर कम होने लगा। 16वें राउंड की काउंटिंग के बाद सुवेंदु, ममता बनर्जी से आगे निकल गए और वोटों की गिनती के पूरा होने के साथ सुवेंदु की झोली में भवानीपुर की सीट आ गई। सुवेंदु अधिकारी ने विधानसभा चुनाव 2021 में ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट से हराया था और इस बार विधानसभा चुनाव 2026 में भवानीपुर सीट से शिकस्त दी है।
नंदीग्राम से फिर दोबारा जीते सुवेंदु
सुवेंदु अधिकारी दो सीटों से चुनाव मैदान में थे। नंदीग्राम सीट से टीएमसी की तरफ से पबित्रा कर को उम्मीदवार बनाया गया था। सुवेंदु ने इस सीट से 9,665 वोटों से जीत हासिल की है। सुवेंदु ने नंदीग्राम की तुलना में भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को हराकर ज्यादा वोटों से चुनाव जीता है। यहां ममता को 15 हजार से ज्यादा वोटों से हार का सामना करना पड़ा।

