महराजगंज समाचार: महराजगंज पुलिस ने सर्विलांस सेल के जरिए 121 गुम मोबाइल बरामद किए, 26 लाख से अधिक के फोन मालिकों को लौटाए

महराजगंज (आनन्द श्रीवास्तव): महराजगंज पुलिस को सर्विलांस अभियान के तहत उल्लेखनीय सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के निर्देशन में सर्विलांस सेल ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए कुल 121 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 26 लाख 33 हजार 16 रुपये आंकी गई है।

 

महराजगंज पुलिस ने सर्विलांस सेल के जरिए 121 गुम मोबाइल बरामद किए 2

 

बरामद किए गए मोबाइल फोनों को उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई से मोबाइल गुम होने से परेशान नागरिकों में राहत और संतोष का माहौल देखा जा रहा है। पूरी कार्रवाई सर्विलांस सेल प्रभारी निरीक्षक श्याम निवास राय के नेतृत्व में संपन्न हुई।

तकनीकी संसाधनों से मिली सफलता

सर्विलांस टीम ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों, मोबाइल आईएमईआई ट्रैकिंग और सर्विलांस नेटवर्क का प्रभावी उपयोग करते हुए विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए। गुम या चोरी हुए मोबाइल की सूचना मिलने के बाद लगातार तकनीकी विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर मोबाइल के वर्तमान उपयोग और लोकेशन का पता लगाया गया।

टीम का सराहनीय योगदान

इस अभियान में उपनिरीक्षक आशीष सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी शिवानंद पासवान, हेड कॉन्स्टेबल चंद्रशेखर यादव, हेड कॉन्स्टेबल राजकुमार राजभर, कांस्टेबल सुधीर कुमार यादव, कॉन्स्टेबल नीरज कुमार गौड़ और कॉन्स्टेबल सूरज गुप्ता शामिल रहे।

 

 

 

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने इस सराहनीय कार्य के लिए सर्विलांस टीम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महराजगंज पुलिस आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और अपराध नियंत्रण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाए, तो तत्काल सर्विलांस सेल या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते कार्रवाई कर मोबाइल वापस कराया जा सके। इस सफलता से पुलिस की कार्यक्षमता के साथ-साथ आम जनता का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *