महराजगंज न्यूज़: ठूठीबारी इंडो-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने अवैध सोना तस्करी करते युवक को पकड़ा

ठूठीबारी/महराजगंज: ठूठीबारी क्षेत्र में इंडो-नेपाल सीमा पर तैनात 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने शनिवार को गश्त के दौरान अवैध सोने की तस्करी का खुलासा किया। कार्रवाई में एक संदिग्ध बाइक सवार युवक के पास से सोने का बिस्किट बरामद किया गया, जिसके बाद उसे मौके पर हिरासत में ले लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार गश्त के दौरान एसएसबी टीम ने मरचहवा बाग के पास एक बाइक सवार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 100.610 ग्राम वजन का सोने का बिस्किट बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान तारा प्रसाद मौर्य (43 वर्ष) पुत्र केवल कोइरी, निवासी ग्राम उज्जैनी, पोस्ट रामग्राम, जिला नवलपरासी (नेपाल) के रूप में हुई।

प्रारंभिक जांच में सीमा पार तस्करी की पुष्टि

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी नेपाल से अवैध रूप से सोने का बिस्किट लेकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहा था। वह इसे निचलौल में किसी व्यक्ति को सौंपने की तैयारी में था।

सीमा शुल्क को सौंपी गई सामग्री

इस कार्रवाई में आरक्षी सहायक जहरुद्दीन और साबुलाल मीणा की टीम शामिल रही। बरामद सोने का बिस्किट, तस्करी में प्रयुक्त बाइक तथा आरोपी को देर रात अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क चौकी ठूठीबारी को सौंप दिया गया।

एसएसबी इंचार्ज शिवपूजन ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए गश्त और निगरानी को लगातार सख्त किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *