महराजगंज समाचार: बरगदवा पुलिस ने देवघट्टी में मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिलाओं व बच्चों को किया जागरूक

महराजगंज (विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट): आज थाना बरगदवा क्षेत्र के ग्राम देवघट्टी में बरगदवा पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बालक, बालिकाओं एवं महिलाओं को विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव और सतर्कता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के तहत उपस्थित लोगों को गुड टच और बैड टच की पहचान, महिला एवं बाल अपराधों की प्रकृति तथा साइबर अपराध से संबंधित जोखिमों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक समझाया गया। पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति या अपराध की सूचना तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर दी जा सकती है।

हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

जागरूकता अभियान के दौरान 1090, 112, 181, 102, 108, 1930 और 1098 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की गई, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं और बच्चे बिना संकोच सहायता प्राप्त कर सकें।

महिला कल्याणकारी योजनाओं पर विशेष जानकारी

कार्यक्रम में महिलाओं को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। इसमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने की प्रक्रिया, महिला समृद्धि योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस द्वारा बताया गया कि इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

बरगदवा पुलिस ने कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और बच्चों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में निर्भीक होकर पुलिस से संपर्क करें और उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *